बाबूलाल मरांडी ने अति उग्रवाद प्रभावित गांव कुंडी का दौरा किया
पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को तिसरी प्रखंड के कुंडी गांव का दौरा किया। ग्रामीणों ने उन्हें गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान, महिलाओं ने मंईयां सम्मान योजना और पेंशन से संबंधित...

तिसरी, प्रतिनिधि। पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को तिसरी प्रखंड के बिहार सीमा पर अवस्थित अति उग्रवाद प्रभावित गांव कुंडी का दौरा किया। मरांडी धनवार से विधानसभा चुनाव जितने के बाद जनता जनार्दन का आभार व्यक्त करने की नीयत से लगातार गांवों का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में मरांडी अपने समर्थकों के साथ उग्रवाद प्रभावित गांव कुंडी पहुंचे। जहां पर किसी नेता के पहली बार गांव आने पर ग्रामीणों ने मरांडी का पूरे गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान मरांडी ने गांव की महिला व पुरुष ग्रामीणों से मिलकर कुशल क्षेम पूछा। मरांडी के समक्ष ग्रामीणों ने अपने गांव की समस्याएं गिनाई। कई आदिवासी व ग्रामीण महिलाओं ने मंईयां सम्मान योजना का लाभ नहीं मिलने की बात बताई, तो कुछ वृद्ध महिलाओं ने वृद्धा व विधवा पेंशन का रोना रोया। महिलाओं ने कहा कि उनलोगों ने काफी पहले ही मंईयां योजना के लिए फॉर्म भरा है। लेकिन अभी तक उनके खाते में उक्त योजना की राशि नहीं आई है। वहीं वृद्ध व विधवा महिलाओं ने कहा कि उनलोग बेहद ही गरीब और लाचार महिलाएं हैं। लेकिन उनलोगों को वृद्धा पेंशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कई महिलाओं ने राशन कार्ड का भी रोना रोया। कहा कि अभी तक उनलोगों का राशन कार्ड नहीं बना है जिसके कारण उन्हें राशन नहीं मिलता है। बाबूलाल मरांडी ने सभी ग्रामीण महिलाओं की दुखड़ा को गंभीरता पूर्वक सुना और जल्द ही उन सभी की समस्याओं का निदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य की पिछली हेमंत सोरेन की सरकार ने पिछले पांच सालों में कोई भी विकास काम नहीं किया है जिसके कारण पूरे क्षेत्र में समस्याएं मुंह बाए खड़ी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी सरकार में शामिल मंत्री और विधायकों ने राज्य को दोनों हाथों से लूटने का काम किया है। राज्य से बड़े पैमाने पर कोयला, पत्थर, लोहा, बालू आदि खनिज संपदाओं की लूट हुई है। जो सभी लोगों को पता भी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चुनावी बैतरणी पार लगाने के लिए चुनाव के तुरंत पहले आनन-फानन में मंईयां सम्मान योजना चालू किया। इसका लाभ भी इंडिया गठबंधन के लोगों को मिला है। लेकिन मंईयां सम्मान योजना से आज भी अधिकांश 18 से 50 तक के उम्र की लड़की व महिलाएं वंचित है। गांव की अधिकांश महिलाओं को उक्त योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। अगर जल्द ही वंचित महिलाओं को उक्त योजना का लाभ नहीं मिला तो प्रखंड से लेकर जिला तक के कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। मरांडी ने कहा कि सूबे में हेमंत सोरेन की सरकार बनते ही क्षेत्र में हत्या,अपराध और लूट खसोट शुरू हो गई है। गिरिडीह में दिनदहाड़े एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। लेकिन अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक उपाध्याय, रामचन्द्र ठाकुर, उदय साव, सुनील साव, अनासियस हेंब्रम, लक्खीराम हेंब्रम, रवींद्र पंडित आदि कार्यकर्ता बाबूलाल मरांडी के साथ में मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।