
अपने सिद्धांतों से भटक गई है हेमंत सरकार: अर्जुन
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा शुक्रवार को गिरिडीह पहुंचे। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है। मुंडा ने भाजपा की अनुशासनिक नीति की प्रशंसा की और कहा कि विपक्ष सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने के लिए तैयार है।
गिरिडीह, प्रतिनिधि। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा शुक्रवार को गिरिडीह पहुंचे। वे देवघर जाने के क्रम में कुछ देर के लिए गिरिडीह परिषदन भवन में रुके थे। यहां भाजपा जिलाध्यक्ष महादेव दुबे सहित अन्य नेताओं व कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान अर्जुन मुंडा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जिस वादे और संकल्प के साथ झारखंड में सरकार बनाने का काम हेमंत सोरेन ने किया, उसे पूरा करने में विफल है। राज्य की हेमंत सरकार अपने सिद्धांतों से भटक गई है। मुंडा ने कहा कि नीतिगत बातों पर सरकार चर्चा तक करने को तैयार नहीं होती है।

विपक्ष जब इस मामले पर सरकार से जवाब मांगती है तो इसे राजनीतिक षड्यंत्र बता दिया जाता है। मुंडा ने कहा कि भाजपा अपने नीति और सिद्धांतों के साथ काम करने वाली अनुशासित पार्टी है। भाजपा के लोग अनुशासित तरीके से सरकार के द्वारा किए जा रहे हैं गलत कार्यों का विरोध कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। मुंडा ने कहा कि केंद्र में जब अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार आई तो उन्होंने अलग राज्य का निर्माण कराया। ऐसे में कई ऐसे विषय हैं, जिस पर राज्य सरकार को ध्यान देने की जरूरत है। कहा कि कुछ योजना चालू है, लेकिन वह ऊपरी सतह पर ही दिख रही है। समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। मौके पर जिलाध्यक्ष महादेव दुबे के अलावा पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक उपाध्याय, ईजी. विनय कुमार सिंह, जिप अध्यक्ष मुनिया देवी, पूनम प्रकाश, महेंद्र वर्मा, यदुनंदन पाठक, कामेश्वर पासवान, प्रकाश सेठ, सुबोध प्रकाश, मुकेश जालान, संजीत सिंह पप्पू, विनय शर्मा सहित कई भाजपाई थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




