प्रनाम की बैठक में नशा मुक्ति अभियान शुरू करने का फैसला

Jan 12, 2026 02:13 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गिरडीह
share Share
Follow Us on

बेंगाबाद के खंडोली पर्यटन स्थल पर 'प्रणाम' संगठन द्वारा नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों और समाजसेवियों की भारी भीड़ ने समर्थन दिया। मीना देवी ने नई पीढ़ी को नशा से बचाने की आवश्यकता बताई। 17 जनवरी से अभियान की शुरुआत होगी, जिसमें पंचायत स्तर पर जागरूकता फैलाने का लक्ष्य है।

प्रनाम की बैठक में नशा मुक्ति अभियान शुरू करने का फैसला

बेंगाबाद। खंडोली पर्यटन स्थल में ‘प्रणाम’ संगठन द्वारा रविवार को बैठक सह वनभोज कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नशा मुक्ति अभियान का आगाज किया गया। कार्यक्रम में प्रणाम संगठन के अलावा पंचायत प्रतिनिधि एवं समाजसेवियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। सबने एक स्वर से नशा मुक्ति अभियान का समर्थन देने का ऐलान किया। कार्यक्रम के मौके पर घर-घर अलख जगाएंगे, नशा को दूर भगाएंगे, नशा मुक्त भारत, स्वस्थ भारत, नशा मुक्ति के लिए जागरूक बनें, समाज को बचाएं, नशा नहीं, शिक्षा और स्वास्थ्य है जीवन का आधार आदि के नारे से खंडोली की धरा गूंज रही थी। इस अवसर पर 17 जनवरी को छोटकी खरगडीहा राधा कृष्ण मंदिर से इस अभियान की शुरुआत करने का निर्णय लिया गया।

मौके पर बेंगाबाद प्रखंड के 25 पंचायतों में अभियान चलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पंचायत स्तरीय अभियान के मौके पर प्रणाम संगठन द्वारा महिलाओं, बच्चों, किशोर के साथ बैठक कर नशा से होने वाली बर्बादी के बारे में जानकारी दी जाएगी और लोगों में चेतना को जागृत करने का प्रयास किया जाएगा। नई पीढ़ी को आगे आने की जरूरत प्रणाम संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष सह प्रमुख मीना देवी ने कहा कि आधुनिकता की अंधी दौड़ में लोग पुरानी परंपरा को भूल रहे हैं। परंपरा को बचाने के लिए नई पीढ़ी को आगे आने की जरूरत है। कहा कि वर्तमान समय में विशेष कर नई पीढ़ी का तम्बाकू, सिगरेट, शराब की ओर झुकाव बढ़ रहा है। जिससे सामाजिक मर्यादा पर आघात पहुंच रहा है। इसके पूर्व लोग बड़ों को सम्मान देते थे लेकिन नशे की लत से इस पर प्रतिकूल असर डाल रहा है। कहा कि नशा मुक्ति से ही सम्मान की रक्षा हो सकती है। इस अवसर पर संगठन के संरक्षक सुनील यादव ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से नई पीढ़ी में संस्कार भरना मुख्य लक्ष्य है। इस अभियान से वैचारिक मतभेद नहीं बल्कि लोगों से निवेदन किया जाएगा और हर घर से नशा को दूर भगाने की अपील की जाएगी। कहा कि वर्तमान समय में नशा समाज के लिए अभिशाप बनता जा रहा है। यहां तक कि शादी समारोह में भी शराब के लिये दबाव बनाया जाता है और यह परंपरा दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है और शादी समारोह में हो हंगामे की स्थिति उत्पन्न होने की भी संभावना बनी रहती है। संगठन के कोषाध्यक्ष दिवाकर सोनार ने नशा मुक्ति अभियान की सराहना की है। कहा कि नई पीढ़ी को नशा मुक्ति के प्रति जागृत किया जाएगा। उज्ज्वल भविष्य के लिए नशा का त्याग करना होगा। मौके पर संगठन के सचिव इम्तियाज अंसारी ने भी नशा मुक्ति पर विस्तार से प्रकाश डाला। मौके पर प्रमुख मीना देवी, सुनील यादव, दिवाकर सोनार, इम्तियाज अंसारी के अलावा प्रखंड अध्यक्ष अजित राम उर्फ गोलू, गांडेय प्रखंड अध्यक्ष वसीम अख्तर, पंसस सुमित्रा देवी, पिंकी कुमारी, संगीता रानी, शकुंतला देवी, महेंद्र चौधरी, सुमन यादव, प्रदीप यादव, नरसिंह नारायण देव, सलीम अंसारी, हेमराज साव, मनोज यादव, नरेश यादव, किशोर सिंह, भगीरथ यादव, संजय राणा, रवि यादव, छोटेलाल यादव सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;