Gridih News: गिरिडीह में फॉरवर्ड ब्लॉक की नई कमेटी गठित
Gridih News: गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 21 में ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने 17 सदस्यीय स्थानीय कमेटी का गठन किया है। अध्यक्ष विजय कोल और सचिव सिंटू कुमार दास चुने गए। बैठक में भूमिहीन गरीबों के लिए जमीन, आवास और नागरिक अधिकारों के लिए संघर्ष करने की योजना बनाई गई है। 10 अक्टूबर को उपायुक्त कार्यालय के सामने धरना दिया जाएगा।

Gridih News: गिरिडीह। ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 21 माथाडीह में एक बैठक आयोजित कर 17 सदस्यीय स्थानीय कमेटी का गठन किया है। सर्वसम्मति से गठित इस कमेटी का अध्यक्ष विजय कोल और सचिव सिंटू कुमार दास को चुना गया है। बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण करते हुए भूमिहीन गरीबों के लिए जमीन, पक्का आवास और बुनियादी नागरिक अधिकारों के लिए संघर्ष का ऐलान किया। मौके पर पूर्व जिला परिषद सदस्य व पार्टी के जिला संयोजक राजेश यादव ने कहा कि नगर निगम का दायरा तो बढ़ा दिया गया है, लेकिन नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं तक नसीब नहीं हो रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि यहां वर्षों से निवास कर रहे गरीब परिवार आज भी मूलभूत अधिकारों से वंचित हैं। सीसीएल की खाली जमीन पर स्थानीय गरीबों का वाजिब हक बनता है, लेकिन वहां भू-माफियाओं द्वारा जमीन की लूट की जा रही है। यादव की अपील पर नवगठित कमेटी ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन की रूपरेखा तैयार की है। इसके तहत 10 अक्टूबर को एक विशाल जुलूस निकालकर उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना दिया जाएगा और मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा जाएगा। बैठक में विकास कोल, टिको दास, मतलु दास, शांति देवी, उर्मिला देवी, सुंदरी देवी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।


