
नेशनल हाईवे पर मालवाहक वाहनों के खड़ा रखने पर होगी कार्रवाई
बगोदर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े मालवाहक वाहनों के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। 7 अक्टूबर को प्रकाशित एक रिपोर्ट के बाद, एसडीएम संतोष कुमार गुप्ता ने जिला परिवहन पदाधिकारी और एनएचएआई के...
बगोदर, प्रतिनिधि। दैनिक हिन्दुस्तान में छपे डिजिटल संवाद का असर हुआ है। नेशनल हाईवे पर खड़े रहने वाले मालवाहक वाहनों से लगातार हो रही दुर्घटनाओं को हिन्दुस्तान ने 7 अक्टूबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद बगोदर- सरिया एसडीएम संतोष कुमार गुप्ता ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने 7 अक्टूबर को ही मामले को लेकर जिला परिवहन पदाधिकारी एवं एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर को पत्र लिखा है। पत्र के अनुसार, नेशनल हाईवे पर मालवाहक वाहनों को घंटों तक खड़ा रखनेवाले वाहनों के ड्राइवरों की अब खैर नहीं है। वैसे वाहनों के ड्राइवरों के खिलाफ अब कार्रवाई तय है।
जिला परिवहन पदाधिकारी और एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर को लिखे पत्र में एसडीएम ने मामले में सख्ती दिखाने का अनुरोध किया है। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर को लिखे पत्र में उन्होंने कहा है कि घाघरा साइंस कॉलेज व आसपास के इलाके में नेशनल हाईवे पर घंटों तक मालवाहक वाहन खड़े रहते हैं तथा लाइन होटलों में ड्राइवर खाना खाकर सो जाता है या फिर अन्यत्र चला जाता है। इससे रोड पर खड़े वाहनों से दूसरे वाहनों की टक्कर होती है और लोगों की जानें चली जाती है। उन्होंने प्रोजेक्ट डायरेक्टर से अनुरोध किया है कि एनएचएआई के गश्ती वाहन के द्वारा रोड पर खड़े रहनेवाले वाहनों को तुरंत हटाने की दिशा में कार्य कराया जाए। इधर जिला परिवहन पदाधिकारी को लिखे पत्र में रोड पर खड़े रहने वाले वाहनों पर आवश्यक कार्रवाई करने एवं जुर्माना लगाने का अनुरोध किया गया है। बता दें कि नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक से रविवार को एक बाइक की टक्कर हुई थी। जिसमें बाइक सवार बेटा की मौत हो गई थी जबकि उसकी मां गंभीर रुप से घायल है। उसका इलाज अब भी रांची के एक अस्पताल में चल रहा है। इधर, एसडीएम के द्वारा मामले को गंभीरता से लेने पर उप प्रमुख हरेन्द्र कुमार सिंह ने खुशी जताई है। एसडीएम की इस पहल को उन्होंने बेहतर करार दिया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




