धूप-छांव के बीच सामान्य रहा दिन, तीन दिनों तक ऑरेंज अलर्ट
गोड्डा में भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। मौसम में बदलाव के कारण तापमान में हल्की गिरावट आई है। कृषि मौसम वैज्ञानिक ने अगले तीन दिनों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अल नीनो प्रभाव से बारिश कम होने की संभावना है, जो खेती को प्रभावित कर सकता है। किसानों को नई खेती तकनीक अपनाने की सलाह दी गई है।

गोड्डा, एक प्रतिनिधि। भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को गुरुवार को कुछ हद तक राहत मिली। दिनभर मौसम का मिजाज बदला रहा। कभी तेज धूप तो कभी बादलों की आवाजाही के कारण धूप छांव की स्थिति बनी रही। बुधवार की सुबह हुई बारिश के बाद से तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
मौसम में बदलाव
हालांकि वातावरण में नमी रहने के कारण उमस का असर पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। कृषि विज्ञान केंद्र, गोड्डा के कृषि मौसम वैज्ञानिक रजनीश प्रसाद राजेश ने बताया कि आने वाले तीन दिनों तक गोड्डा समेत पूरे संथाल परगना क्षेत्र में मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी है। इस दौरान कई स्थानों पर तेज हवा, गर्जन और बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
किसानों के लिए सलाह
उन्होंने कहा कि मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल सकता है और लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। विशेष रूप से खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और कमजोर संरचनाओं के आसपास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि जून महीने में मानसून के प्रवेश की संभावना है। हालांकि इस बार अल नीनो प्रभाव सक्रिय रहने के कारण सामान्य से कम बारिश होने की आशंका जताई जा रही है। इसका सीधा असर खेती-किसानी पर पड़ सकता है। कृषि वैज्ञानिकों का मानना है कि यदि वर्षा कम हुई तो धान की पारंपरिक खेती प्रभावित हो सकती है। ऐसी परिस्थिति में किसानों को खेती के तरीके में बदलाव लाने की जरूरत होगी। कृषि मौसम वैज्ञानिक ने किसानों को कम पानी में तैयार होने वाली एवं कम अवधि की धान किस्मों की खेती अपनाने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि सहभागी धान जैसी किस्में कम पानी में भी बेहतर उत्पादन दे सकती हैं और बदलते मौसम के अनुसार किसानों के लिए लाभकारी साबित हो सकती हैं। इसके अलावा खेतों में जल संरक्षण, समय पर बिचड़ा तैयार करने तथा वैकल्पिक फसलों की ओर भी ध्यान देने की जरूरत बताई गई।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


