Godda News: सावन की दूसरी सोमवारी में शिवालयों में उमड़ेगा आस्था सैलाब
Godda News: सावन के दूसरे सोमवारी पर शिवालयों में तैयारियां पूरी हो गई हैं। श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए बाबा रत्नेश्वर नाथ धाम पहुंचेंगे। कांवरियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। मंदिर में सुरक्षा सहित मेले का भी आयोजन किया गया है, जिसमें भक्तों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।

Godda News: सावन के पावन माह की दूसरी सोमवारी को लेकर जिले के सभी शिवालयों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचते है। शहर के शिवपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा रत्नेश्वर नाथ धाम में भी श्रद्धालुओं और कांवरियों की सुविधा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। रविवार को बाबा रत्नेश्वर नाथ धाम से कांवरियों का जत्था भागलपुर के लिए रवाना हुआ। कांवरिये वहां गंगा नदी से पवित्र जल भरकर पैदल यात्रा करते हुए गोड्डा पहुंचेंगे और सोमवार को अल सुबह से ही श्री श्री 1008 बाबा रत्नेश्वर नाथ का जलाभिषेक करेंगे। सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सावन में भगवान शिव की पूजा करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। वहीं सावन के सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करने का विशेष महत्व है। श्रद्धालु इस दिन उपवास रखते हैं और शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, बेलपत्र, फूल एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित करते हैं। कांवर यात्रा को भी सावन की शिव भक्ति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है।
--- जलाभिषेक से पूरी होती हैं मनोकामनाएं : पंडित
शिवपुर निवासी पंडित रास बिहारी झा ने बताया कि सावन भगवान शिव की आराधना का विशेष महीना है। सावन में पड़ने वाली प्रत्येक सोमवारी का अपना धार्मिक महत्व है। श्रद्धालु श्रद्धा और नियमपूर्वक भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। मान्यता है कि इस दौरान भगवान शिव की आराधना करने से सुख समृद्धि की प्राप्ति होती है और भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
--- बोल बम कांवरियों के लिए विशेष व्यवस्था:
शिवपुर स्थित बाबा रत्नेश्वर नाथ धाम में कांवरियों के जलार्पण को लेकर मंदिर समिति की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है। मुख्य पंडा पुजारी राजेश ठाकुर ने बताया कि कांवरियों के लिए जलार्पण की अलग व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। प्रवेश और निकास द्वार अलग है। कतार बनाकर श्रद्धालु महादेव को जलार्पण करेंगे। मंदिर के बाहर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। ताकि इधर उधर वाहन ना लगाए लोग। लोगों से अपील की है कि चिन्हित जगह पर ही दिया और अगरबत्ती जलाएं, मंदिर के गर्भ गृह में दिया, अगरबत्ती ना जलाएं।
--- महिला-पुरुष जवानों की होगी तैनाती: थाना प्रभारी
सोमवारी के दौरान मंदिर में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। पुलिस निरीक्षक सह नगर थाना प्रभारी दिनेश महली ने बताया कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में महिला एवं पुरुष पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर सादी वर्दी में भी जवानों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा कांवरिया पथ पर खटनाई चौक तक रात्री से ही अतिरिक्त गश्ती रहेगी।
---- मेला भी रहेगा आकर्षण का केंद्र
सोमवारी को लेकर बाबा रत्नेश्वर नाथ धाम के आसपास मेला भी सज गया है। मेले में फल, फूल, बेलपत्र, प्रसाद और पूजा सामग्री के साथ शृंगार के सामान की दुकानें लगी हैं। इसके अलावा बच्चों के खिलौने, खान-पान सहित अन्य सामान की दुकानें भी लोगों को आकर्षित कर रही हैं। सोमवार को पूजा अर्चना के साथ मेले में भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। मेले में उपवास करने वालों के लिए फल, आलू की झालेबी, के अलावा पूजन के लिए सारी सामग्री की खूब बिक्री होती है।


