होली पर्व को लेकर मुफ्फसिल थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित

Feb 27, 2026 01:33 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गोड्डा
share

गोड्डा में होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने के लिए शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। अंचलाधिकारी हलधर सेठी ने भाईचारे और प्रेम के पर्व होली को परंपरागत उल्लास के साथ मनाने की अपील की। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम किए हैं।

होली पर्व को लेकर मुफ्फसिल थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित

गोड्डा संवाद सूत्र । आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को गोड्डा के मुफ्फसिल थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गोड्डा के अंचलाधिकारी हलधर सेठी ने की। इस दौरान थाना प्रभारी आनंद साह , विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए अंचलाधिकारी हलधर सेठी ने कहा कि होली आपसी भाईचारे और प्रेम का पर्व है। इसे परंपरागत उल्लास के साथ मनाएं, लेकिन कानून-व्यवस्था का पूरा ध्यान रखें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, अश्लील गीत बजाने, डीजे के अनियंत्रित उपयोग तथा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

वहीं थाना प्रभारी आनंद साह ने बताया कि होली के दिन संवेदनशील एवं भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर विशेष पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए गश्ती दल सक्रिय रहेगा। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा तथा जरूरत पड़ने पर ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जाएगी। इस बैठक में निर्णय लिया गया कि होलिका दहन निर्धारित स्थल पर ही किया जाएगा। सार्वजनिक स्थलों पर डीजे बजाने के लिए प्रशासनिक अनुमति अनिवार्य होगी तथा निर्धारित समय-सीमा का पालन करना होगा। साथ ही सोशल मीडिया पर भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचने की अपील की गई। अंचलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और आमजन के सहयोग से ही त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सकता है। बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर एक स्वर में होली को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।