नामांकन के आखिरी दिन अध्यक्ष पद के लिए गोड्डा से 5 और महागमा से 7 उम्मीदवारों नें किया नामांकन
सभी अभ्यर्थी महागामा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों के निवासी हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया के दौ

नामांकन के आखिरी दिन अध्यक्ष पद के लिए गोड्डा से 5 और महागमा से 7 उम्मीदवारों नें किया नामांकन गोड्डा एक प्रतिनिधि तस्वीर 013 नगर परिषद अध्यक्ष पद पर नामांकन करते उम्मीदवार व समर्थक नगरपालिका आम निर्वाचन के तहत नाम निर्देशन के आखरी दिन 4 फरवरी को गोड्डा नगर परिषद और महागमा नगर पंचायत में अध्यक्ष और वार्ड पार्षद पद के उम्मीदवारों नें नामांकन पत्र दाखिल किया। जिला निर्वाची पदाधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार गोड्डा नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए कुल 5 उम्मीदवारों नें नामांकन किया। जिसमें विशाल कुमार मंडल, अनिल साह, सोनी परवीन, मोहम्मद मुस्तकीम, विशेश्वर पंडित नें नामांकन किया।
इधर, महागामा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 07 उम्मीदवारों नें नामांकन किया है। नामांकन करने वाले अभ्यर्थियों में चुन्नू कुमार मड़ैया, मेरी किरण टुडू, मनोहर मरांडी, जितेंद्र हेंब्रम, दुर्गा सोरेन नें दो सेट में, प्रबोध सोरेन तथा सुरज बेसरा हैं। सभी अभ्यर्थी महागामा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों के निवासी हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। निर्वाचन से जुड़े सभी कार्य भारत निर्वाचन आयोग एवं राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपादित किए गए। नामांकन केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। नामांकन के दौरान निर्वाचन कार्यालय द्वारा अभ्यर्थियों के कागजातों की प्रारंभिक जांच की गई। निर्धारित तिथि को नामांकन पत्रों की संवीक्षा (स्क्रूटनी) की जाएगी, जिसके उपरांत अभ्यर्थियों को नाम वापस लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा। नाम वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद अध्यक्ष पद के लिए अंतिम रूप से निर्वाचन मैदान में उतरे अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित की जाएगी। जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने में अपना योगदान दें। साथ ही सभी अभ्यर्थियों एवं उनके समर्थकों से आदर्श आचार संहिता का पालन करने की अपील की गई है। नगरपालिका आम निर्वाचन-2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। --- निकाय चुनाव का माहौल गरमाया, नामांकन का अंतिम दिन रहा व्यस्त : जिले में होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर गोड्डा और महागामा में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। मंगलवार को नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि होने के कारण समाहरणालय और संबंधित निर्वाची पदाधिकारी कार्यालयों में दिनभर गहमागहमी बनी रही। महागामा नगर पंचायत अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पदों के साथ-साथ गोड्डा नगर परिषद क्षेत्र में भी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भीड़ देखने को मिली। अंतिम दिन कई प्रत्याशियों ने जुलूस और समर्थकों के साथ पहुंचकर नामांकन दाखिल किया, जिससे पूरे क्षेत्र में चुनावी हलचल तेज हो गई। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार आज 5 फरवरी को नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा (स्क्रूटनी) की जाएगी। इसके बाद 06 फरवरी को नाम वापसी की प्रक्रिया होगी, जबकि 07 फरवरी को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। चुनाव चिन्ह मिलते ही सभी प्रत्याशी मैदान में उतरकर जनसंपर्क अभियान को और तेज करेंगे। चुनाव की तिथियां नजदीक आते ही गोड्डा और महागामा दोनों नगर निकाय क्षेत्रों में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ती जा रही है। प्रत्याशी वार्ड से लेकर अध्यक्ष पद तक मतदाताओं को साधने में जुट गए हैं, वहीं आम लोगों के बीच भी चुनाव को लेकर चर्चा तेज हो गई है। --- 7 वर्षों में 5,800 से अधिक मतदाता बढ़े: नगर निकाय चुनाव को लेकर गोड्डा में इस बार न सिर्फ राजनीतिक सरगर्मी तेज है, बल्कि मतदाता संख्या में भी बढ़ोतरी है। 2018 के नगर परिषद चुनाव और 26 चुनाव के आंकड़ों की तुलना करें तो यह साफ होता है कि शहर का मतदाता आधार लगातार मजबूत हुआ है। 2018 के नगर परिषद चुनाव में गोड्डा में कुल 28,328 मतदाता पंजीकृत थे। उस समय नगर परिषद क्षेत्र के 21 वार्डों में मतदान हुआ था। वहीं 2025-26 के नगर निकाय चुनाव के लिए गोड्डा नगर परिषद क्षेत्र में कुल 34,196 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इस तरह बीते करीब 7 वर्षों में गोड्डा नगर परिषद क्षेत्र में 5,868 नए मतदाता जुड़े हैं, जो शहरी विस्तार और मतदाता जागरूकता में वृद्धि को दर्शाता है। मतदाता संख्या में हुई यह बढ़ोतरी इस बार के चुनाव को और अधिक रोचक बनाएगी। प्रत्याशियों को अब पहले की तुलना में अधिक संगठित और व्यापक जनसंपर्क करना होगा। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी की निगाहें संवीक्षा, नाम वापसी और चुनाव चिन्ह आवंटन पर टिकी हैं। आंकड़े बताते हैं कि इस बार गोड्डा का निकाय चुनाव संख्या और मुकाबले दोनों लिहाज से कहीं अधिक अहम होने वाला है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


