प्रशासन की कड़ी सुरक्षा के बीच हर्षोल्लास के साथ मनाया गया नववर्ष
पथरगामा में नव वर्ष 2026 का स्वागत प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच धूमधाम से किया गया। मां योगिनी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही और सुरक्षा के लिए मजिस्ट्रेट तैनात किए गए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और पिकनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित किया।

पथरगामा प्रतिनिधि गुरुवार को पथरगामा प्रखंड क्षेत्र में नव वर्ष 2026 का स्वागत प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। नव वर्ष के अवसर पर क्षेत्र के सभी प्रमुख पिकनिक स्थलों एवं धार्मिक स्थलों पर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पिकनिक स्पॉट पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी, वहीं पुलिस प्रशासन लगातार गश्त करता रहा। मां योगिनी मंदिर में श्रद्धालुओं और सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ी। मां योगिनी मंदिर मंदिर में जाने वाले चार पहिया वाहनों को गोड्डा-पथरगामा राष्ट्रीय उच्च पथ स्थित ओवर ब्रिज पर ही रोक दिया गया, जबकि केवल दोपहिया वाहनों को ही आगे जाने की अनुमति दी गई।
इससे जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिली। लखन पहाड़ी की ओर से आने वाले मां योगिनी मंदिर मार्ग पर भी पुलिस प्रशासन द्वारा बैरिकेटिंग की गई थी, ताकि अनावश्यक वाहनों का प्रवेश रोका जा सके। प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी नितेश कुमार गौतम स्वयं सभी पिकनिक स्थलों का भ्रमण करते रहे और सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर लगातार जानकारी लेते रहे। मां योगिनी मंदिर में बिहार से आए सैलानियों की संख्या काफी अधिक देखी गई। कई परिवारों ने पिकनिक स्थल पर ही केक काटकर बच्चों का जन्मदिन भी उत्साहपूर्वक मनाया। जन्मदिन मना रहे सैलानियों ने बताया कि वे प्रत्येक वर्ष पूरे परिवार के साथ मां योगिनी मंदिर में नव वर्ष पिकनिक मनाने आते हैं। नव वर्ष के उपलक्ष्य में थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह ने मां योगिनी मंदिर में विधि विधान पूर्वक पुजारी सत्यजीत सिंह बॉबी के द्वारा पूजा अर्चना कर 21 किलो वजनी घंटे की स्थापना कर श्रद्धा प्रकट की। इस दौरान महागामा थाना प्रभारी मनोज पाल सहित कई पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे । गुरुवार होने के कारण मांसाहारी भोजन करने वालों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही। सुबह से ही कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था और दोपहर तक कई स्थानों पर भीड़ के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसे प्रशासन की तत्परता से नियंत्रित कर लिया गया। कुल मिलाकर, प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच पथरगामा क्षेत्र में नव वर्ष शांतिपूर्ण, सुरक्षित और उत्सवपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


