बदलाव की मूड में है गोडडा नगर की जनता कर रही गंभीर मंथन
गोडडा में नगर निकाय चुनाव की तैयारी जोरों पर है। मतदाता उम्मीदवारों के चयन में उनकी कार्यक्षमता और नगर की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दे रहे हैं। जलजमाव, पेयजल संकट, और सड़क की स्थिति जैसे मुद्दों का समाधान करने वाला प्रतिनिधि चाहा जा रहा है। बदलाव की ओर संकेत करते हुए, नए चेहरों की उम्मीद की जा रही है।

गोडडा प्रतिनिधि। नगर निकाय चुनाव की आहट के साथ ही शहर का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग चुका है। गली-मोहल्लों, चौक-चौराहों और चाय की दुकानों पर अब सिर्फ एक ही चर्चा है-इस बार नगर की बागडोर किसे सौंपी जाए? मतदाता केवल उम्मीदवारों के नाम पर नहीं, बल्कि उनकी कार्यक्षमता और नगर की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर मंथन करते नजर आ रहे हैं। शहरवासी साफ तौर पर कह रहे हैं कि इस बार चुनाव केवल पद हांसिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि नगर की ज्वलंत समस्याओं के स्थायी समाधान का अवसर है। जलजमाव, नाली-सफाई, पेयजल संकट, सड़क की बदहाल स्थिति, स्ट्रीट लाइट की कमी और कचरा प्रबंधन जैसी समस्याएं लंबे समय से लोगों को परेशान कर रही हैं।
ऐसे में मतदाता अब ऐसे प्रतिनिधि की तलाश में हैं जो केवल आश्वासन न दे, बल्कि योजनाबद्ध तरीके से समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करे। स्थानीय लोगों का मानना है कि चुना जाने वाला प्रतिनिधि सक्षम, पारदर्शी और जवाबदेह होना चाहिए। वह न सिर्फ नगर परिषद की बैठकों में सक्रिय भूमिका निभाए, बल्कि राज्य और जिला स्तर पर भी नगर के विकास के लिए मजबूती से अपनी बात रख सके। विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने की क्षमता और प्रशासन से समन्वय स्थापित करने की योग्यता इस बार प्रमुख कसौटी बनती दिख रही है। चर्चा यह भी है कि इस बार कई वार्डों में नए चेहरे सामने आ सकते हैं। मतदाता बदलाव के संकेत दे रहे हैं और पुराने ढर्रे से हटकर सोच-समझकर निर्णय लेने की तैयारी में हैं। नगर की राजनीति में बढ़ती सरगर्मी यह संकेत दे रही है कि इस बार का चुनाव विकास, सुशासन और समस्याओं के ठोस समाधान के मुद्दे पर केंद्रित रहेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


