नगर परिषद ने मीट मंडी के दुकानों का काटा ₹4800 का चालान, दी कड़ी चेतावनी
गोड्डा में मीट मंडी से निकलने वाले कचरे और दुर्गंध से परेशान लोगों की समस्या के बाद नगर परिषद ने औचक जांच की। कई दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए 4800 रुपये का चालान किया गया। स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया गया। स्थानीय लोगों ने कार्रवाई की सराहना की।

गोड्डा। मीट मंडी से निकलने वाले कचरे और बदबू से परेशान स्थानीय लोगों की समस्या को लेकर आपके लोकप्रिय अखबार में 15 जनवरी को प्रमुखता से खबर शीर्षक ‘मीट मंडी से निकालने वाले कचरे की बदबू से आम लोगों का जिन हुआ दूभर’ प्रकाशित होने के बाद नगर परिषद हरकत में आ गई। खबर में मीट मंडी से फैल रही गंदगी और दुर्गंध के कारण आम लोगों को हो रही परेशानी को उजागर किया गया था।नगर परिषद ने मामले का संज्ञान लेते हुए मीट मंडी में औचक जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान उन दुकानदारों को चिन्हित किया गया जो अपने दुकानों से निकलने वाला कचड़ा इधर उधर फेंक रहे थे।
नगर परिषद की टीम ने ऐसे दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए कुल 4800 रुपये का चालान काटा। साथ ही संबंधित दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई कि यह पहली और अंतिम चेतावनी है, भविष्य में दोबारा गंदगी फैलाते पाए जाने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान के दौरान नगर परिषद के सिटी मैनेजर रोहित गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने और निर्धारित स्थान पर ही कचरा फेंकने का निर्देश दिया। इसके साथ ही नगर परिषद की ओर से मीट मंडी और सब्जी मंडी क्षेत्र में स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। अधिकारियों ने लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में डालने के लिए प्रेरित किया तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण रोक लगाने की अपील की। स्थानीय लोगों ने समय पर कार्रवाई के लिए नगर परिषद की सराहना की और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर हिंदुस्तान अखबार को धन्यवाद दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




