Godda News: खान खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में झामुमो का आंदोलन तेज, निकाला अर्थी जुलूस
Godda News: गोड्डा में झारखंड मुक्ति मोर्चा की बैठक आयोजित की गई, जिसमें केंद्रीय सरकार द्वारा पारित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक-2026 के खिलाफ आंदोलन की रणनीति बनाई गई। कार्यकर्ताओं ने इस विधेयक की निंदा की और 17 अगस्त से जनजागरण अभियान शुरू करने का निर्णय लिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान विशाल जुलूस निकाला गया।

Godda News: गोड्डा संवाद सूत्र। झारखंड मुक्ति मोर्चा गोड्डा की विस्तारित बैठक रविवार को जिला अध्यक्ष प्रो. प्रेम नन्दन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पंचायत समिति, नगर समिति, प्रखंड समिति, जिला समिति के पदाधिकारियों के अलावा केंद्रीय समिति के सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। बैठक में केंद्र सरकार द्वारा पारित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक-2026 को लेकर पार्टी की आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में आक्रोश
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में विधेयक को लेकर खासा आक्रोश देखने को मिला। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा इस विधेयक के विरोध में चरणबद्ध तरीके से व्यापक आंदोलन चलाएगा। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस कानून के माध्यम से झारखंड के लोगों के हक और अधिकारों को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। इसी मुद्दे को लेकर 17 अगस्त से पूरे जिले में जनजागरण अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया।
जनजागरण अभियान
पार्टी की ओर से बताया गया कि जनजागरण अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंडों में बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही गोड्डा जिले की पंचायतों में भी बैठकों का दौर चलेगा। मांझी हड़ाम, जोग मांझी, परगनेत, प्रधान, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और वार्ड सदस्यों के साथ बैठक कर विधेयक के प्रावधानों और पार्टी के विरोध की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
विरोध प्रदर्शन
बैठक समाप्त होने के बाद झामुमो कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ सांकेतिक रूप से अर्थी तैयार कर विशाल जुलूस निकाला। जुलूस में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पार्टी के झंडे और विभिन्न नारों एवं मांगों से लिखी तख्तियां लेकर शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 वापस लेना होगा”, “जमीन हमारी, खनिज हमारा, अधिकार तुम्हारा नहीं चलेगा”, “बीजेपी हाय-हाय” और “मोदी तुम्हारी मनमानी नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाए। जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरता हुआ कारगिल चौक पहुंचा। यहां पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रो. प्रेम नन्दन कुमार ने सांकेतिक अर्थी को मुखाग्नि देकर विरोध प्रदर्शन समाप्त किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

