Godda News: 7 सितंबर के धरना-प्रदर्शन को लेकर झामुमो की बैठक, हजारों कार्यकर्ताओं को जुटाने का निर्णय
Godda News: रविवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की बैठक पथरगामा में हुई। बैठक में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक-2026 के खिलाफ 7 सितंबर को धरना-प्रदर्शन की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में विभिन्न पंचायतों के कार्यकर्ता उपस्थित थे और एकजुट होकर सफल प्रदर्शन की तैयारी का निर्णय लिया गया।

Godda News: पथरगामा प्रतिनिधि। रविवार को लालजी उच्च विद्यालय, गांधीग्राम पथरगामा में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की प्रखंड स्तरीय एकदिवसीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष रामचंद्र मरांडी ने की, जबकि मंच संचालन प्रखंड सचिव विजय कुमार महतो ने किया। बैठक का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार द्वारा लागू खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक-2026 के विरोध में आगामी 7 सितंबर को प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन की तैयारियों पर चर्चा करना था। झामुमो केंद्रीय समिति के निर्देश पर पूरे झारखंड के प्रखंड कार्यालयों में विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया जाना है। बैठक में बूथ स्तर के पदाधिकारी, पंचायत कमेटी के पदाधिकारी एवं प्रखंड कमेटी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को जुटाकर 7 सितंबर को पथरगामा प्रखंड परिसर में विशाल धरना एवं विरोध-प्रदर्शन करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।इस अवसर पर झामुमो जिला सचिव वासुदेव सोरेन की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने तथा प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर तैयारी करने का आह्वान किया। बैठक में पूर्व प्रखंड अध्यक्ष धनंजय शील, नकुल हेंब्रम, युवा मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष राजू, नीलू दे, ओम प्रकाश ठाकुर, रामनारायण, अभीलाल, मंगल सिंह, मोहम्मद सहोर, सुरेश, पलटन हसदा, राजेंद्र सिंह, किरानी, हबीब मुर्मू, जफर अंसारी, मसूदन मुर्मू, जयप्रकाश यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।


