Godda News: घनी आबादी वाले मोहल्लों में जल निकासी की व्यवस्था बदहाल, हर बारिश में डूब जाता है गोड्डा का बड़ा इलाका
Godda News: गोड्डा शहर में जल निकासी की कमी के कारण हाल की बारिश के बाद कई मोहल्लों में पानी भर गया है। बारिश का पानी कई दिनों तक जमा रहा, जिससे नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नगर परिषद ने जल निकासी सुधार के लिए योजनाएँ बनाई हैं, लेकिन अतिक्रमण की वजह से काम नहीं हो पा रहा है।

Godda News: गोड्डा एक प्रतिनिधि। शहर के घनी आबादी वाले और अव्यवस्थित तरीके से बसे कई मोहल्लों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से हर वर्ष बरसात लोगों के लिए बड़ी परेशानी लेकर आती है। बीते दिनों हुए दो घंटे की बारिश के बाद भी शहर के कई इलाकों में अब तक जलजमाव बना हुआ है। हालात ऐसे हैं कि कई घरों में बारिश का पानी घुस गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। एक ओर जहां अच्छी बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आती है, वहीं शहर के कई मोहल्लों के लोगों के लिए यही बारिश मुसीबत बन जाती है। हाल की बारिश के बाद वार्ड संख्या 3, 7 और 10 के कई घरों में पानी घुस गया। कई गलियां तालाब में तब्दील हो गईं और लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया।
जल निकासी की समस्या
स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी कई दिनों, बल्कि कुछ स्थानों पर महीनों तक जमा रहता है। इससे आवागमन के साथ साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ जाती हैं। शहर के संकेतपुरी, कोलरा बांध के पास का पूरा इलाका , प्रोफेसर कॉलोनी के पीछे, शांति नगर समेत कई मोहल्ले हर वर्ष जलजमाव की गंभीर समस्या से जूझते हैं। इन क्षेत्रों में पहले से मौजूद जल निकासी मार्ग और पुराने नालों पर समय के साथ अतिक्रमण हो जाने के कारण बारिश का पानी बाहर नहीं निकल पाता। नतीजा, थोड़ी देर की बारिश भी लोगों के लिए बड़ी समस्या बन जाती है। नगर परिषद द्वारा शहर में व्यापक नाला निर्माण की योजना तैयार की गई है, लेकिन कई स्थानों पर अतिक्रमण के कारण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।
प्रशासन की चुनौती
ऐसे में जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। जब तक अतिक्रमण हटाकर पुराने जल निकासी मार्गों को पुनर्जीवित नहीं किया जाएगा, तब तक इस समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि अशोक तिवारी ने बताया कि जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए पहल की जा रही है। प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से बातचीत कर नगर परिषद के प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नाला निर्माण एवं जल निकासी की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा ताकि भविष्य में लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


