Godda News: खाटू श्याम के भव्य श्रृंगार से सजा दादी श्याम मंदिर, श्रीमद्भागवत कथा में गूंजा धर्म और संस्कार का संदेश
Godda News: गोड्डा में श्री दादी श्याम मंदिर में सोमवार को खाटू श्याम बाबा का भव्य श्रृंगार किया गया। श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। वहीं साप्ताहिक श्रीमद्भागवत पुराण कथा का शुभारंभ भी हुआ, जिसमें कथा वाचक गोविंद शरण महाराज ने महत्वपूर्ण विचार साझा किए।

Godda News: गोड्डा एक प्रतिनिधि। श्री दादी श्याम मंदिर के प्रांगण में सोमवार को खाटू श्याम बाबा का भव्य एवं मनमोहक श्रृंगार किया गया। फूलों और आकर्षक सजावट से बाबा का दरबार सजाया गया था। बाबा के अलौकिक स्वरूप के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। भक्तों ने बाबा के दर्शन कर सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। श्रृंगार के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्ति और उत्साह से सराबोर रहा।
भागवत कथा का शुभारंभ
इसी अवसर पर मंदिर परिसर में साप्ताहिक श्रीमद्भागवत पुराण कथा का भी शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिन कथा वाचक गोविंद शरण महाराज ने श्रद्धालुओं को सनातन धर्म के संस्कार, मर्यादा और आचार-विचार के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने पारिवारिक जीवन में मर्यादा तथा धर्मग्रंथों में वर्णित आचार-विचार से जुड़े विभिन्न प्रसंगों पर विस्तार से चर्चा की। कथा के दौरान गोविंद शरण महाराज ने राजा युधिष्ठिर द्वारा हस्तिनापुर का राज्य अपने पौत्र परीक्षित को सौंपने और इसके बाद स्वर्गारोहण के लिए प्रस्थान करने का प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा कि जीवन में धर्म, कर्तव्य, त्याग और संस्कार का विशेष महत्व है।
श्रद्धालुओं का योगदान
भागवत कथा के प्रसंगों से हमें अपने जीवन में सदाचार और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। कथा के जजमान प्रितम गाडिया एवं श्वेता गाडिया ने गौरी-गणेश सहित सभी देवी-देवताओं का विधिवत पूजन किया। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण किया। वहीं प्रितम गाडिया के जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं और शुभचिंतकों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। सभी ने उनके सुखी, स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। कार्यक्रम में दादी श्याम सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष अरुण टेकरीवाल, सचिव मुकेश गाडिया, अंकित गाडिया, पीयूष खेमानी, दीपक बजाज, सरिता टेकरीवाल, कुसुम टेकरीवाल और अन्नपूर्णा देवी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। बाबा के भव्य श्रृंगार और श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन से देर शाम तक मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।


