गोड्डा व्यवहार न्यायालय परिसर में पुलिस का मॉक ड्रिल, परखी गई सुरक्षा व्यवस्था
गोड्डा जिले के व्यवहार न्यायालय में शनिवार को पुलिस द्वारा व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह मॉक ड्रिल सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी और त्वरित कार्रवाई की क्षमता परखने के लिए किया गया। एसपी मुकेश कुमार के निर्देश पर आयोजित इस ड्रिल में पुलिसकर्मियों को आपसी तालमेल और रणनीतिक तैनाती का प्रशिक्षण दिया गया।

गोड्डा संवाद सूत्र । गोड्डा जिले के व्यवहार न्यायालय परिसर में शनिवार को सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं संवेदनशील स्थलों पर त्वरित कार्रवाई की तैयारी परखने के उद्देश्य से गोड्डा पुलिस द्वारा व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह मॉक ड्रिल पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के निर्देश पर संपन्न हुआ। मॉक ड्रिल का नेतृत्व गोड्डा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी एवं पुलिस उपाधीक्षक कुमार गौरव ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान सदर थाना अंतर्गत कई पुलिस पदाधिकारी, जवान तथा आईआरबी के सशस्त्र बल के जवान मौजूद रहे। मॉक ड्रिल के दौरान न्यायालय परिसर में किसी आपात स्थिति, संदिग्ध गतिविधि या विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने की काल्पनिक स्थिति बनाकर पुलिस बल की प्रतिक्रिया, त्वरित घेराबंदी, भीड़ नियंत्रण, तलाशी अभियान एवं संवेदनशील बिंदुओं की सुरक्षा व्यवस्था का अभ्यास किया गया।
जवानों ने निर्धारित समय सीमा में विभिन्न बिंदुओं पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रदर्शन किया। इस मॉक ड्रिल को लेकर एसडीपीओ ने बताया कि व्यवहार न्यायालय जैसे संवेदनशील स्थलों पर नियमित अंतराल पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाता है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में पुलिस बल पूरी तत्परता और समन्वय के साथ कार्रवाई कर सके। ड्रिल के माध्यम से पुलिसकर्मियों को आपसी तालमेल, वायरलेस संचार व्यवस्था तथा रणनीतिक तैनाती का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। वहीं इस मॉक ड्रिल के दौरान न्यायालय परिसर में कुछ समय के लिए आम लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया, ताकि अभ्यास सुचारू रूप से संपन्न हो सके। पुलिस अधिकारियों ने ये भी बताया कि इस प्रकार के अभ्यास से सुरक्षा व्यवस्था तो मजबूत होती है, साथ ही आम नागरिकों में भी सुरक्षा का भरोसा बढ़ता है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इस मॉक ड्रिल में सदर प्रभाग के इंस्पेक्टर मधुसूदन मोदक , नगर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक रोहित यादव , संजय सिंह , बिपिन यादव के साथ कई जवान मौजूद रहे ।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



