नव निर्वाचित पार्षद चुनेंगे उपाध्यक्ष, सियासी समीकरण साधने की कवायद तेज
गोड्डा और महागामा नगर पंचायत के नव निर्वाचित वार्ड पार्षद उपाध्यक्ष पद के चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। राज्य निर्वाचन आयोग 2 मार्च को चुनाव की सूचना जारी करेगा। महागामा में 10 मार्च और गोड्डा में 11 मार्च को अप्रत्यक्ष निर्वाचन होगा। शपथ ग्रहण समारोह के बाद विकास योजनाओं पर चर्चा की जाएगी।

गोड्डा एक प्रतिनिधि । गोड्डा और महागामा नगर पंचायत में नव निर्वाचित वार्ड पार्षद अब उपाध्यक्ष पद के चुनाव की तैयारी में जुट गए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 2 मार्च को उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन की सूचना जारी की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार महागामा नगर पंचायत में 10 मार्च को तथा गोड्डा नगर परिषद में 11 मार्च को उपाध्यक्ष का अप्रत्यक्ष निर्वाचन होगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार उपाध्यक्ष के चुनाव के साथ ही सभी नव निर्वाचित प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया जाएगा। शपथ के बाद विधिवत रूप से पदभार सौंपा जाएगा। इसके बाद पहली बोर्ड बैठक की तिथि तय कर शहर के विकास को लेकर प्राथमिकताएं निर्धारित की जाएंगी।
उपाध्यक्ष पद के लिए केवल निर्वाचित वार्ड पार्षद ही दावेदारी कर सकते हैं। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक गोड्डा नगर परिषद में उपाध्यक्ष पद को लेकर जोड़ तोड़ की राजनीति तेज हो गई है। मतगणना के बाद से ही संभावित उम्मीदवार अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में सक्रिय हैं और लगातार अन्य वार्ड पार्षदों से संपर्क साध रहे हैं। दावेदारों में वार्ड 7 से निर्विरोध निर्वाचित पूजा कुमारी का नाम सामने आ रहा है। उनके पति अशोक तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी शहर के चर्चित समाजसेवी माने जाते हैं और राजनीतिक हलकों में अच्छी पकड़ रखते हैं। वहीं, वार्ड 19 से पहली बार निर्वाचित तराना खातून भी दावेदारी पेश कर सकती हैं। उनके पति मो. इफतेखार कांग्रेस पार्टी से जुड़े रहे हैं और स्थानीय जनमुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। इसके अलावा वार्ड 16 से निर्वाचित मो. ईदरीश उर्फ चट्टान का नाम भी चर्चा में है। वे पूर्व में भी वार्ड पार्षद रह चुके हैं और इस बार 832 मतों के साथ गोड्डा के सभी पार्षदों में सबसे अधिक मत प्राप्त कर जीत दर्ज की है। वार्ड 14 से निर्वाचित साहिल मेहरा का नाम भी संभावित दावेदारों में शामिल है, हालांकि उनकी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। फिलहाल सभी विजयी प्रत्याशी मतदाताओं का आभार व्यक्त करने के साथ धार्मिक स्थलों पर पूजा अर्चना में जुटे हैं। होली के बाद उपाध्यक्ष पद की तस्वीर और साफ होने की संभावना है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



