गोड्डा में चारदिवसीय पुस्तक मेला का हुआ भव्य आगाज

हिन्दुस्तान, गोड्डा
Follow us on Google News
share

गोड्डा, झारखंड में चार दिवसीय पुस्तक मेला का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन में अतिथियों ने पुस्तक मेले को ज्ञान और बौद्धिक जागरण का माध्यम बताया। कार्यक्रम में प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

गोड्डा में चारदिवसीय पुस्तक मेला का हुआ भव्य आगाज

गोड्डा, एक प्रतिनिधि। झारखंड बिहार पुस्तक परिक्रमा के तहत आयोजित चार दिवसीय गोड्डा पुस्तक मेला का गुरुवार को स्थानीय टाउन हॉल में भव्य शुभारंभ हुआ। मेला 31 मई तक चलेगा। मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव एवं विशिष्ट अतिथि जिला खेल पदाधिकारी डॉ. प्राण महतो ने दीप प्रज्वलित कर किया।

उद्घाटन समारोह

अतिथियों का स्वागत समय इंडिया, नई दिल्ली के प्रबंध न्यासी एवं साहित्यकार चंद्र भूषण ने बुक नहीं बुके देकर किया, जिसने पूरे आयोजन को एक अलग साहित्यिक संदेश दिया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए एसडीओ बैद्यनाथ उरांव ने कहा कि पुस्तक मेला अमृत का कुआं है, जिसमें हर सुधी और प्यासे पाठक को डुबकी लगानी चाहिए। किताबें केवल ज्ञान नहीं देतीं, बल्कि समाज और व्यक्ति के भीतर नई चेतना जगाती हैं।” उन्होंने साहित्यकार चंद्र भूषण की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के इस मौसम में जब लोग पहाड़ों की ओर रुख करते हैं, तब वे किताबों की अलख जगाने के लिए गांव-गांव और जिला-दर-जिला पाठकों तक पहुंच रहे हैं। यह केवल आयोजन नहीं, बल्कि समाज में बौद्धिक जागरण का बड़ा अभियान है। विशिष्ट अतिथि डॉ. प्राण महतो ने कहा कि किसी भी घर की असली पहचान वहां रखी पुस्तकों से होती है, न कि बड़ी एलईडी टीवी से। उन्होंने कहा कि जिस घर में किताबें होती हैं, वहां संस्कार, संवेदना और विचार भी जीवित रहते हैं।

साहित्यकारों का योगदान

इस अवसर पर साहित्यकार चंद्र भूषण ने कहा कि पुस्तक मेला केवल किताबों की बिक्री का मंच नहीं, बल्कि समाज को विचार, संवाद और संवेदना से जोड़ने का आंदोलन है। आज डिजिटल दौर में पुस्तकों के प्रति युवाओं और बच्चों को आकर्षित करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। कार्यक्रम का संचालन साहित्यकार सह जिला कला-संस्कृति संयोजक सुरजीत झा ने किया। मौके पर सर्वजीत झा, शिवकुमार भगत, राजेश झा, अमित राय, गीता मिश्रा सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार, शिक्षक, विद्यार्थी और पुस्तक प्रेमी उपस्थित थे। स्वागत नृत्य गुरुकुल डांस एकेडमी की निदेशिका आरती सिंह के संयोजन में प्रस्तुत किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अर्पणा कुमारी ने किया।

प्रतियोगिताएं

आज मेले में : शुक्रवार शाम 4:30 बजे चित्रकला प्रतियोगिता, कहानी सुनाओ-कविता सुनाओ प्रतियोगिता एवं नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चों और युवाओं के भाग लेने की संभावना है।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

गोड्डा पुस्तक मेले का उद्घाटन कब हुआ?
गोड्डा पुस्तक मेले का उद्घाटन गुरुवार को हुआ।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।