गोड्डा में रसोई गैस की किल्लत, तीन दिनों से कॉमर्शियल सिलेंडर नहीं मिलने से बढ़ी परेशानी
गोड्डा जिले में रसोई गैस की किल्लत से आम लोग, होटल और ढाबा संचालक परेशान हैं। पिछले तीन दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई नहीं हो रही है, जिससे कामकाज प्रभावित हो गया है। गैस की कीमतें बढ़ गई हैं, लेकिन सप्लाई नहीं मिल रही है। उपभोक्ताओं को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है।

गोड्डा, प्रतिनिधि। गोड्डा जिले में इन दिनों रसोई गैस की किल्लत से आम लोगों के साथ-साथ होटल, ढाबा और छोटे-बड़े प्रतिष्ठान भी परेशान हैं। पिछले करीब तीन दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडर डीलरों को नहीं मिल पा रहा है। इसकी वजह से बाजार में गैस की भारी कमी हो गई है और कई जगहों पर कामकाज प्रभावित होने लगा है। डीलरों का कहना है कि आम दिनों में गोड्डा जिले में करीब 350 कमर्शियल सिलेंडर और साधारण सिलेंडर की रोज खपत होती है, लेकिन इन दिनों सप्लाई नहीं आने से स्थिति बिगड़ गई है। होटल और ढाबा संचालक भी गैस नहीं मिलने से परेशान हैं और किसी तरह काम चला रहे हैं।
सिर्फ कमर्शियल ही नहीं, बल्कि घरेलू गैस सिलेंडर लेने में भी लोगों को परेशानी हो रही है। एजेंसियों में नंबरिंग सिस्टम को जटिल कर दिया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को कई-कई दिन इंतजार करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों पर भीड़ बढ़ती जा रही है और लोग बार-बार चक्कर लगाने को मजबूर हैं। हाल ही में गैस के दाम में करीब 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। कमर्शियल गैस के रेट भी बढ़े हैं, लेकिन बढ़े हुए दाम के बावजूद अभी तक पर्याप्त सप्लाई नहीं पहुंची है। इससे उपभोक्ताओं में चिंता बढ़ गई है।गैस एजेंसी के डीलरों का कहना है कि सप्लाई समय पर नहीं आने और सिस्टम से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों की वजह से परेशानी और बढ़ गई है। एजेंसी पर भीड़ बढ़ रही है, लेकिन उनके पास देने के लिए पर्याप्त सिलेंडर नहीं हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को समझाना भी मुश्किल हो रहा है। डीलरों का कहना है कि जैसे ही गैस की सप्लाई सामान्य होगी, स्थिति धीरे-धीरे ठीक हो जाएगी। फिलहाल गैस की कमी से आम लोगों की रसोई और कई व्यवसाय दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


