महागामा में खुलेगा केंद्रीय विद्यालय, अड़चन खत्म
गोड्डा के महागामा क्षेत्र में नए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की सभी अड़चनें समाप्त हो रही हैं। अगले सत्र से नामांकन शुरू होने की संभावना है। केंद्रीय विद्यालय संगठन और जिला प्रशासन द्वारा विद्यालय खोलने के प्रयास जारी हैं। बैठक में सभी आवश्यक सुविधाओं और प्रक्रियाओं पर चर्चा की गई।

गोड्डा। महागामा क्षेत्र में नए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को लेकर सभी अड़चनें समाप्त होने को हैं। अगर सबकुछ ठीक रहा तो अगले सत्र से नामांकन होगा। कुछ वर्षों से अस्थाई भवन में विद्यालय खोलने को लेकर केंद्रीय विद्यालय संगठन और जिला प्रशासन द्वारा पहल की जा रही है। कुछ अड़चन की वजह से वहअबतक चालू नहीं हो पाया है। भूमि, बिजली आदि को लेकर अड़चन समाप्त हो गयी है। अब जल्द विद्यालय के संचालन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। समाहरणालय स्थित सभागार में मंगलवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजलि यादव की अध्यक्षता में गोड्डा के महागामा क्षेत्र में नवीन केंद्रीय विद्यालय की स्थापना व उससे संबंधित प्रतिबद्धताओं को पूर्ण करने के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक की गई।
उपायुक्त ने केंद्रीय विद्यालय की स्थापना, विद्यालय निर्माण के लिए भूमि की उपलब्धता, हस्तांतरण प्रक्रिया, आधारभूत संरचना के विकास, पेयजल, विद्युत, सड़क संपर्क, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं पर चर्चा की। उपायुक्त ने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक औपचारिकताओं को शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से कार्य निष्पादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिया कि विद्यालय स्थापना से जुड़ी लंबित प्रक्रियाओं की नियमित समीक्षा की जाए तथा प्रगति प्रतिवेदन समय-समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में यह चर्चा की गई कि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से महागामा एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं केंद्रीय स्तर की शिक्षा सुलभ हो सकेगी, जिससे क्षेत्र के शैक्षणिक विकास को नई दिशा मिलेगी। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्र सरकार एवं केंद्रीय विद्यालय संगठन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि विद्यालय की स्थापना कार्य जल्द प्रारंभ किया जा सके।बैठक में केंद्रीय विद्यालय संगठन रांची के उपायुक्त एस वी जोगलेकर भी आभासी रूप से जुड़े। बैठक में अपर समाहर्ता गोड्डा प्रेमलता मुर्मू,अनुमंडल पदाधिकारी महागामा आलोक वरण केसरी, अंचलाधिकारी महागामा खगैन महतो पीएम केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य रजनीश कमल, संबंधित विभागों के पदाधिकारीगण मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


