47 लीटर टंकी में 60 लीटर डीजल भरने का आरोप, पंप पर हुआ हंगामा
गोड्डा-भागलपुर रोड पर बद्री पेट्रोल पंप पर डीजल भराई को लेकर विवाद हुआ। गाड़ी मालिक खालिद अहमद ने आरोप लगाया कि उनकी गाड़ी की 47 लीटर टंकी में 60 लीटर डीजल भरा गया। उन्होंने जांच की मांग की है, जबकि कर्मचारी ने इसे सही बताया। मामला स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

गोड्डा निज प्रतिनिधि । गोड्डा-भागलपुर रोड स्थित बद्री पेट्रोल पंप पर डीजल भराई को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। गाड़ी मालिक खालिद अहमद ने आरोप लगाया है कि उनकी सेल्टो डीजल गाड़ी की 47 लीटर क्षमता वाली टंकी में 60 लीटर डीजल भर दिया गया। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक बहस होती रही। बताया जाता है कि खालिद अहमद किसी निजी कार्य से भागलपुर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी गाड़ी संख्या जेएच 17 एबी 1661 में डीजल भरवाया। उनका कहना है कि गाड़ी में पहले से कुछ डीजल मौजूद था, इसके बावजूद मशीन पर 60 लीटर डीजल दिखाया गया, जिससे वह हैरान रह गए।
जब इस संबंध में डीजल डालने वाले कर्मचारी से पूछा गया तो उसने कहा कि डीजल सही डाला गया है और संभवतः गाड़ी की टंकी बड़ी होगी। कर्मचारी के इस जवाब के बाद मामला और गरमा गया। गाड़ी मालिक ने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने भी मशीन और माप प्रणाली की जांच की मांग उठाई है। फिलहाल मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


