Godda News: हल्की बारिश में कीचड़ में तब्दील हो जाती है बेल्डीहा पंचायत के मुख्य गांव की सड़क
Godda News: बसंतराय प्रखंड क्षेत्र के बेल्डीहा पंचायत की सड़कें बदहाली का शिकार हैं। बारिश के थोड़े से असर से गड्ढे और कीचड़ उत्पन्न होते हैं, जिससे ग्रामीणों को कठिनाई का सामना करना पड़ता है। बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों के लिए यह स्थिति और भी गंभीर है। प्रशासन से सड़क के निर्माण की मांग की गई है।

Godda News: बसंतराय प्रखंड क्षेत्र के बेल्डीहा पंचायत के मुख्य गांव की सड़क इन दिनों बदहाली की मिसाल बनी हुई है। हल्की सी बारिश होते ही पूरी सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे ग्रामीणों का घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो जाता है। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी गंभीर हो गई है। ग्रामीणों का कहना है की वर्षों से सड़क की मोरम्मती नहीं होने के कारण यह पूरी तरह जर्जर हो चुकी है।
बरसात में परेशानी
बरसात के दिनों में सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और मरीजों को होती है। कीचड़ भरी सड़क पर पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। कई बार लोग फिसलकर गिर चुके हैं और दोपहिया वाहन चालक भी दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। गांव से बाजार, अस्पताल, स्कूल तथा प्रखंड मुख्यालय जाने वाले लोगों को हर दिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया की जर्जर सड़क की हालत इतनी बदतर हो चुकी है कि अपने ही गांव में सफर करना किसी सजा से कम नहीं लगता है।
सड़क के हालात
सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, जलजमाव और कीचड़ के कारण वाहनों का परिचालन प्रभावित हो रहा है। बरसात के मौसम में यह समस्या और विकराल रूप धारण कर लेती है। स्थानीय लोगों का कहना है की इस सड़क की मोरम्मती और निर्माण की मांग कई बार जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। हर वर्ष बरसात के मौसम में यही स्थिति उत्पन्न हो जाती है और ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से अविलंब सड़क की मोरम्मती एवं पक्की सड़क निर्माण कराने की मांग की है ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके। आगे ग्रामीणों का कहना है की यदि समय रहते सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो बरसात के पूरे मौसम में गांव का संपर्क जोखिम भरा हो सकता है। बेल्डीहा पंचायत के ग्रामीणों को उम्मीद है की प्रशासन उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाएगा।


