Godda News: सभी विभागों को समन्वित कार्रवाई करने का उपायुक्त ने दिया निर्देश
Godda News: समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला बाल संरक्षण इकाई गोड्डा के कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आहूत

Godda News: समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला बाल संरक्षण इकाई गोड्डा के कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई। बैठक में किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम के अंतर्गत संचालित गतिविधियों, चाइल्ड हेल्पलाइन, स्पॉन्सरशिप, फोस्टर केयर, आफ्टर केयर, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड तथा संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि संकटग्रस्त, अनाथ, परित्यक्त एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें आवश्यक सहायता एवं पुनर्वास उपलब्ध कराया जाए। बाल विवाह, बाल श्रम एवं बाल तस्करी की रोकथाम के लिए पुलिस, शिक्षा, श्रम, समाज कल्याण एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ नियमित समन्वय स्थापित किया जाए। बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यों में लापरवाही के कारण शोकाउज करने के निर्देश दिए गए।उन्होंने कहा कि चाइल्ड हेल्पलाइन पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा सभी मामलों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। विद्यालयों एवं पंचायत स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों एवं अभिभावकों को उनके अधिकारों तथा सरकारी सहायता सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए。
बैठक के दौरान निर्देश
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि बाल संरक्षण से संबंधित सभी संस्थानों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा बच्चों को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं संवेदनशील वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में उप विकास आयुक्त विस्पुते श्री कांत यशवंत ,जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, चाइल्ड हेल्पलाइन, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।


