
लोगों ने उठाया नव वर्ष का लुत्फ, पिकनिक स्पॉट रहे गुलजार
मेहरमा में 2026 का अंग्रेजी नव वर्ष धूमधाम से मनाया गया। लोग पूजा-पाठ, हवन यज्ञ के साथ नव वर्ष की शुरुआत करते हुए एक-दूसरे को बधाई देते रहे। पिकनिक स्थलों पर भारी भीड़ रही, जहां परिवार और दोस्तों ने आनंद लिया। ककरघट का नेचर पार्क पर्यटकों का प्रमुख आकर्षण बना।
मेहरमा। प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार को अंग्रेजी नव वर्ष 2026 की धूम रही।इसको ले लोगों में खासा उत्साह दिखा। जहां कुछ लोगों ने नव वर्ष की शुरुआत पूजा-पाठ, हवन यज्ञ तथा बड़ों का पांव छूकर और आशीर्वाद लेकर किया। वहीं ज्यादातर लोगों ने सुबह सवेरे से ही एक दूसरे को नव वर्ष का बधाई संदेश भेजकर मंगल कामना करते हुए की। एक ओर सात्विक एवं पूजा पाठ में विश्वास करने वाले लोगों ने स्थानीय मंदिरों के साथ अंतरराज्यीय सीमा पर स्थित योगी वीर पहाड़ी के 18 भुजा वाली मां दुर्गा, आदि देव महादेव, बजरंगबली, शनि महाराज के मंदिर में पूजा अर्चना कर उनसे अपने एवं परिवार के लिए मंगल कामना की।
जबकि अन्य लोगों ने आसपास के पिकनिक स्पॉट, जहां सैलानियों की भारी भीड़ देखी गई,जाकर आनंद लिया एवं जश्न मनाया। वहां लोग बड़ी संख्या में अपने परिवार व दोस्तों के साथ घूमने गए। जिसमें ककरघट का नेचर पार्क प्रमुख रहा। जो पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। वहां सुबह से ही लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी। उसके प्राकृतिक सौंदर्य, हरियाली और शांत वातावरण का आनंद लेने के लिए दूर दराज के इलाकों से भी लोग वहां पहुंचे थे। जिसमें महिलाओं एवं बच्चों की भी अच्छी खासी तादात थी। लोगों ने जहां वन भोज में विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का आनंद लेते हुए जश्न मनाया, वहीं फोटोग्राफी करते भी नजर आए।इसके अलावा क्षेत्र के मोपहाड़ी, बोरिंग बाबा मैदान, भुस्का , अमडांड़, लीलातरी , बेलनीगढ पहाड़ियों सहित अन्य पिकनिक स्पॉटों पर भी लोगों की भीड़ रही। लोगों ने एक दूसरे को अंग्रेजी नव वर्ष की शुभकामनाएं दी तथा जमकर मनोरंजन किया। इस दौरान कई युवा डीजे की धुन पर थिरकते नजर आए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




