झारखंड में उल्टी करने के बाद लड़की की मौत, सहेली पर जहर देने का आरोप
- मृतका की मां ने बताया कि शुक्रवार को बेटी को बुला कर उसकी सहेली ले गई थी। कुछ देर बाद भाभी ने आकर बताया कि बेटी उल्लिटयां कर रही है। सूचना पाकर जब हमलोग वहां पहुंचे तो पुत्री ने बताया कि सहेली ने उसे जबरन सांप काटने पर दी जाने वाली दवा को पिला दिया।

झारखंड के धनबाद के सुदामडीह थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी की मौत जहर खाने से हो गई। शुक्रवार रात उसे गंभीर स्थिति में धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया था। यहां इलाज के दौरान शनिवार की सुबह उसने दम तोड़ दिया। मृतका की मां पड़ोस में रहने वाली मृतका की नाबालिग सहेली पर उसे जहर देने का आरोप लगा रही हैं।
सहेली पर जहर देने का आरोप
मृतका की मां ने बताया कि शुक्रवार को बेटी को बुला कर उसकी सहेली ले गई थी। कुछ देर बाद भाभी ने आकर बताया कि बेटी उल्लिटयां कर रही है। सूचना पाकर जब हमलोग वहां पहुंचे तो पुत्री ने बताया कि सहेली ने उसे जबरन सांप काटने पर दी जाने वाली दवा को पिला दिया।
जहर की शीशी लेकर आई बेटी: मां
पुत्री सहेली से उक्त जहर की शीशी को भी छीनकर अपने साथ ले आई, जिसे मां को दिया। घटना के बाद उसकी हालत खराब हो गई है। हम उसे धनबाद एसएनएमएमसीएच ले गए किन्तु उसकी मौत हो गई। मां ने बताया कि उनके पति पुणे में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। तीन पुत्रियां हैं। मृतका छोटी पुत्री है। एक पुत्र है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
सहेली ने क्या कहा
इधर, मृतका की सहेली ने आरोप गलत बताया है। कहा कि बेवजह मुझे फंसाया जा रहा है। पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच करा लें। वहीं सुदामडीह थाना प्रभारी सूरज कुमार रजक ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है। सरायढेला पुलिस मृतका के स्वजनों के बयान लेगी। शिकायत व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उचित कारवाई की जाएगी।