भीषण गर्मी में सेरका नवागढ में पेयजल संकट गहराया
विशुनपुर प्रखंड क्षेत्र में चिलचिलाती गर्मी के बीच पेयजल संकट बढ़ गया है। सेरका नवागढ़ में लगभग 200 परिवार पानी के लिए परेशान हैं। एकमात्र चापाकल ही जलापूर्ति का सहारा है, जबकि दूसरा चापाकल पिछले एक महीने से खराब है। ग्रामीणों ने विभाग से मरम्मत की मांग की है, अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी है।

विशुनपुर प्रतिनिधि। प्रखंड क्षेत्र में पड़ रही चिलचिलाती गर्मी के बीच पेयजल संकट गहरा गया है। विशुनपुर प्रखंड मुख्यालय से सटे सेरका नवागढ़ इलाके में करीब दो सौ परिवार पानी के लिए परेशान हैं। पेयजल विभाग की लापरवाही के कारण यहां के लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। जानकारी के अनुसार मनीष लाल के घर के सामने लगा एकमात्र चापाकल ही करीब सौ परिवारों के लिए जलापूर्ति का सहारा बना हुआ है। वहीं सेरका गांव में उदय गोस्वामी के घर के सामने लगा दूसरा चापाकल पिछले एक माह से खराब पड़ा है। जिससे अन्य सौ परिवार प्रभावित हैं। स्थिति यह है कि ग्रामीणों को पानी के लिए करीब एक किमी दूर तक धूप में जाना पड़ रहा है।
कुंदन वर्मा, मंगल उरांव, संपत्त गोप, चामू उरांव ने बताया कि विभाग को कई बार सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि मरम्मत के नाम पर पैसे की मांग की जा रही है। जो ग्रामीण देने में असमर्थ हैं।ग्रामीणों ने बताया कि यदि दोनों चापाकल दुरुस्त हो जाएं तो पूरे क्षेत्र में पानी की समस्या काफी हद तक दूर हो सकती है। उन्होंने विभाग के कार्यपालक अभियंता से अविलंब चापाकल मरम्मत कर जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है,अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


