संजय के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Jan 15, 2026 11:40 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गुमला
share Share
Follow Us on

फोटो 1 सिसई रेफरल अस्पताल में घायलों को इलाज करते स्वास्थ्य कर्मी। फोटो 1 सिसई रेफरल अस्पताल में घायलों को इलाज करते स्वास्थ्य कर्मी। फोटो 1 सिसई रे

संजय के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

गुमला। हजारीबाग जिले के बसरीया गांव निवासी 22 वर्षीय संजय कुमार की मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा है। मृतक के बड़े भाई अजय कुमार ने बताया कि उनके परिवार में दो भाई और तीन बहनें हैं। संजय सबसे छोटा था और पेशे से तिलकुट बनाने का काम करता था। वह 10 जनवरी को घर से रांची के धुर्वा स्थित जगन्नाथ मंदिर के समीप एक तिलकुट दुकान में काम करने की बात कह कर निकला था। मकर संक्रांति पर 15 जनवरी को नागफेनी मेला में तिलकुट बेचने के लिए वह अपने दुकान मालिक और अन्य मजदूरों के साथ मैजिक वाहन से आ रहा था।

इसी दौरान भरनो थाना क्षेत्र के भड़गांव के समीप पीछे से तेज रफ्तार हाइवा ने टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हादसे में संजय की मौके पर ही मौत हो गई। अजय ने कहा कि गुरुवार अहले सुबह जब सूरज की किरणें भी नहीं फूटी थीं,तभी परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। संजय की मौत से परिवार का सहारा छिन गया है। ......... सुनील की मौत से दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया गुमला । भरनो थाना क्षेत्र के एनएच-43 पर भड़गांव गांव के समीप हुई सड़क दुर्घटना में हजारीबाग जिले के बेलतु गांव निवासी 34 वर्षीय सुनील कुमार साहू की दर्दनाक मौत ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया है। मृतक के बड़े भाई वासुदेव साहू ने बताया कि तीन भाइयों में सुनील सबसे छोटा था और हजारीबाग में ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। सुनील के परिवार में छह वर्ष की एक बेटी और तीन वर्ष का एक बेटा है। जिनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। सुनील तिलकुट बनाने का कारीगर भी था। तिलकुट के सीजन को देखते हुए उसके मौसा बालेश्वर साहू ने उसे रांची के धुर्वा स्थित अपनी दुकान पर काम के लिए बुलाया था। इसी कारण वह 13 जनवरी को हजारीबाग से रांची आया था।मृतक के बड़े भाई ने बताया कि सुबह आंख खुलते ही भाई की मौत की खबर मिली। खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ......... मेला की अधूरी जानकारी और हाइवा की रफ्तार ने ली जान भरनो । भड़गांव हादसे में मृतक बालेश्वर साहू रांची के धुर्वा में तिलकुट की दुकान चलाते थे। मृतक और घायल सभी लोग उसी दुकान में मजदूरी का काम करते थे। मकर संक्रांति को लेकर वे गुमला जिले के नागफेनी मेला में तिलकुट बेचने जा रहे थे,लेकिन उन्हें यह पूरी जानकारी नहीं थी कि नागफेनी में मेला दो दिनों तक लगता है। इसी कारण वे रास्ते में रुक-रुक कर अन्य जगहों पर लगने वाले मेलों की जानकारी भी लेते जा रहे थे। इसी क्रम में भरनो थाना क्षेत्र के भड़गांव के समीप तेज रफ्तार बालू लदे हाइवा की चपेट में आकर यह दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे ने पांच कई परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। बालू लदे हाइवा वाहनों की तेज रफ्तार से एनएच-43 पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन इसके बावजूद हाईवा की गति पर कोई प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। बालू अनलोड कर जल्द दूसरी और तीसरी खेप ले जाने की होड़ में हाइवा चालक रफ्तार कम नहीं करते,जो लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। ........ भरनो सड़क हादसे के बाद प्रशासनिक अमला हुआ सक्रिय डीसी-एसपी के निर्देश पर वरीय अधिकारियों का जांच दल पहुंचा घटना स्थल,जांच दल ने माना आधी रात के बाद तेज रफ्तार हाइवा के कारण सड़क हादसे बढ़े हैं प्रशासन ने हाइवा संचालन पर दिया सख्ती का संकेत गुमला प्रतिनिधि जिले भरनो थाना क्षेत्र के भड़गांव के समीप एनएच-43 पर हाइवा की टक्कर से मैजिक वाहन सवार पांच लोगों की मौत और तीन लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की घटना के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना के प्रकाश में आते ही डीसी प्रेरणा दीक्षित और एसपी हारिश बिन जमां के निर्देश पर मामले की त्वरित जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। डीसी-एसपी के आदेश पर एसडीपीओ गुमला सुरेश प्रसाद यादव, डीटीओ ज्ञान शंकर जायसवाल, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के पदाधिकारी सहित कई वरीय अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की बारीकी से छानबीन की। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों,सड़क की स्थिति,वाहनों की गति और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि पिछले एक महीने के भीतर सिसई से भरनो के बीच एनएच-43 पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। खासकर आधी रात के बाद तेज रफ्तार से चलने वाले हाइवा वाहनों के कारण गंभीर हादसे बढ़े हैं। जिससे लोगों की जान जा रही है। अधिकारियों ने माना कि भारी वाहनों की बेलगाम गति और नियमों की अनदेखी दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन रही है। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियम तोड़ने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। ......... सड़क हादसे की घटनाओं से निबटने के लिए प्रशासनिक बैठक आज गुमला। जिला प्रशासन ने सिसई और भरनो के बीच पिछले कुछेक महीनों के दौरान हुए सड़क हादसे की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए बैठक करने का निर्णय लिया है। 16 जनवरी को प्रस्तावित बैठक में जिले के विभिन्न प्रशासनिक पदाधिकारी, सिसई व भरनो के थाना प्रभारी, एनएच प्राधिकरण के अधिकारी, डीटीओ, हाइवा वाहन मालिक और स्थानीय जनप्रतिनिधि व आम लोग शामिल होंगे। बैठक में सड़क सुरक्षा,भारी वाहनों की गति नियंत्रण, रात्रि गश्ती,चेकिंग अभियान और नियमों के कड़ाई से पालन पर चर्चा कर ठोस निर्णय लिए जाएंगे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;