Hindi NewsJharkhand NewsGhumla NewsTragic Incident Villager Killed by Wild Elephants in Morgaon Patra
भरनो के मोरगांव पतरा में हाथियों के झुंड ने ग्रामीण को कुचला,मौत

भरनो के मोरगांव पतरा में हाथियों के झुंड ने ग्रामीण को कुचला,मौत

संक्षेप:

मोरगांव पतरा में जंगली हाथियों के झुंड ने शुक्रवार को एक ग्रामीण की जान ले ली। 55 वर्षीय ललकू उरांव पर हाथी ने हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है और लोगों से हाथियों से दूर रहने की अपील की है।

Nov 21, 2025 11:47 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गुमला
share Share
Follow Us on

भरनो, प्रतिनिधि। प्रखंड के मोरगांव पतरा में जंगली हाथियों का आतंक शुक्रवार शाम एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। हाथियों का झुंड देखने पहुंचे एक ग्रामीण पर हाथी ने हमला कर उसे कुचल दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना शाम करीब पांच बजे की है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय ललकू उरांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार गुरूवार रात से ही 18 जंगली हाथियों का झुंड मोरगांव मैदान के पीछे पतरा क्षेत्र में डेरा जमाए हुए है। झुंड में दो छोटे हाथी के बच्चे भी शामिल हैं। ग्रामीणों को बार-बार चेतावनी देने के बावजूद कई लोग हाथियों को देखने पहुंच रहे थे।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इसी दौरान हाथियों के करीब जाने पर एक हाथी ने ललकू उरांव पर हमला कर दिया। घटना की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है। डीएफओ अहमद बेलाल अनवर के निर्देश पर सुबह से ही वन विभाग की टीम मोरगांव पतरा में डटी हुई है। प्रभारी फॉरेस्टर राकेश मिश्रा ने बताया कि लोगों को हाथियों से दूर रहने की लगातार अपील की जा रही है ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो। इसके बाद भी भीड़ के पहुंचने से मौत की यह घटना घटित हुई। गुमला और रायडीह से क्यूआरटी टीम मौके पर मौजूद है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। साथ ही ड्रोन की मदद से हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी कीमत पर हाथियों के झुंड के पास न जाएं और विभाग के निर्देशों का पालन करें।