Ghumla News: सिसई में तालाब में डूबने से वृद्ध की मौत
Ghumla News: गुमला के लरंगो गांव में 75 वर्षीय सोमा उरांव की तालाब में डूबने से मौत हो गई। वह मछली मारने गए थे जब उनका संतुलन बिगड़ गया। परिजनों ने उनकी तलाश की और बाद में पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकाला। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Ghumla News: गुमला, प्रतिनिधि। जिले के सिसई प्रखंड अंतर्गत पूसो थाना क्षेत्र के लरंगो गांव निवासी 75 वर्षीय सोमा उरांव की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना शुक्रवार देर शाम की बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में शोक का माहौल फैल गया। सूचना मिलने पर पूसो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार सोमा उरांव शुक्रवार को मछली मारने के लिए गांव के समीप स्थित तालाब गए थे। इसी दौरान किसी कारणवश उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में चले गए।
पानी में डूबने के कारण उनकी मौत हो गई। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। इसके बाद तालाब में उनके डूबने की जानकारी मिली। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वृद्ध की अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


