रमजान के पहले जुम्मे पर मस्जिदों में उमड़ी भीड़

Newswrap हिन्दुस्तान, गुमला
share

गुमला में रमजान की शुरुआत के साथ मुस्लिम समुदाय ने पहले रोजे को पूरी श्रद्धा से रखा। दूसरे दिन पहले जुम्मे पर मस्जिदों में भीड़ उमड़ी। इमामों ने रमजान की अहमियत पर प्रकाश डालते हुए इबादत करने का आवाहन किया। पुलिस प्रशासन ने नमाजियों की सुविधा के लिए यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखा।

रमजान के पहले जुम्मे पर मस्जिदों में उमड़ी भीड़

गुमला, प्रतिनिधि। माह-ए-रमजान की शुरुआत के साथ ही मुस्लिम धर्मावलंबियों ने पूरे अकीदत और सब्र के साथ पहला रोजा मुकम्मल किया। रमजान के दूसरे दिन शुक्रवार को पहला जुम्मा पड़ने के कारण जिले की सभी मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ देखी गई। नमाज के दौरान इमामों ने रमजान की अहमियत बताते हुए लोगों से इस्लाम के बताए रास्ते पर चलकर ज्यादा से ज्यादा इबादत करने की अपील की। जामा मस्जिद के इमाम मौलाना इनाम रब्बानी ने बताया कि रमजान अल्लाह की तरफ से मोमिनों के लिए खास तोहफा है। इस महीने की गई नेकियां आखिरत में काम आती हैं। रमजान को रहमत, मगफिरत और निजात का महीना कहा गया है।

उन्होंने कहा कि रोजे के साथ-साथ दूसरों को इफ्तार कराना भी बड़ी फजीलत का काम है, क्योंकि इससे इफ्तार कराने वाले को भी उतनी ही नेकी मिलती है जितनी रोजा खोलने वाले को मिलती है।शाम को अजान होते ही रोजेदारों ने खजूर और पानी से सुन्नत तरीके से रोजा खोला। घरों में दस्तरख्वान सजे और मस्जिदों में भी विशेष दुआओं का आयोजन हुआ। रमजान को लेकर बच्चों में भी खास उत्साह देखा गया। कई नन्हे रोजेदारों ने अपना पहला रोजा रखा और नमाज अदा की, जबकि महिलाएं घरों में रहकर खुदा की इबादत करती रहीं।रमजान के पहले जुम्मे को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क नजर आया। थाना रोड सहित प्रमुख इलाकों में नमाज के समय यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखा गया। पुलिस ने वाहनों को हटाकर सड़क को जाम से मुक्त कराया, ताकि नमाजियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।