घाघरा में लूटकांड से फैली सनसनी, जिले में अब तक लूट की है सबसे बड़ी वारदात

Newswrap हिन्दुस्तान, गुमला
Follow us on Google News
share

घाघरा में सोमवार शाम को एक करोड़ रुपये से अधिक के ज्वेलरी लूट कांड ने हड़कंप मचा दिया। अपराधियों ने सरेशाम फायरिंग कर व्यवसायी से लूट की। घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय व्यवसायियों में भय का माहौल है और पुलिस ने छापेमारी तेज कर दी है।

घाघरा में लूटकांड से फैली सनसनी, जिले में अब तक लूट की है सबसे बड़ी वारदात

घाघरा, प्रतिनिधि। घाघरा थाना से महज दो सौ मीटर की दूरी पर सोमवार शाम हुए एक करोड़ से अधिक के लूट कांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। सरेशाम आबादी वाले क्षेत्र में फायरिंग कर ज्वेलरी व्यवसायी से लूट की इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह जिले में अब तक की सबसे बड़ी लूट की घटना है। घटना का तरीका और अपराधियों की संख्या यह संकेत दे रही है कि क्षेत्र में संगठित गिरोह सक्रिय हो सकते हैं। जानकारी के अनुसार हरिओम गहना घर के संचालक शशांक सोनी दुकान बंद कर अपनी मां के साथ स्कूटी से पुटो रोड स्थित घर जा रहे थे।

इसी दौरान रास्ते में एक बाइक सवार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। वे संभल पाते इससे पहले ही तीन बाइक पर सवार 6-7 अपराधी वहां पहुंचे और उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की। हालांकि गोली नहीं लगी, लेकिन शशांक घबरा गए। इसी बीच अपराधियों ने स्कूटी की चाबी निकाल ली और डिक्की में रखे करीब एक करोड़ रुपये के सोने के गहने व 70 हजार रुपये नकद लूटकर पुटो रोड की ओर फरार हो गए। शशांक ने बताया कि सभी अपराधियों के चेहरे खुले थे। हैरानी की बात यह है कि घटना स्थल के आसपास कई मकान और दुकानें हैं, फिर भी अपराधियों ने बिना किसी भय के वारदात को अंजाम दिया। इससे पहले भी प्रखंड मुख्यालय में एक ज्वेलर से इसी तरह बैग छीनकर लूट की घटना हो चुकी है। स्थानीय व्यवसायियों ने बताया कि जिस तरह अपराधियों ने दुकान से घर तक रास्ते में वारदात को अंजाम दिया है, उससे साफ है कि पहले से रेकी गई थी। आभूषण व्यवसायी के निकलने का समय, रास्ता और स्थिति की पूरी जानकारी अपराधियों को थी। घटना की सूचना पर एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव मौके पर पहुंचे और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गए हैं। पुलिस ने छापेमारी तेज कर दी है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।घटना के बाद घाघरा के व्यवसायियों में भय का माहौल है। देर रात तक बाजार में इसी वारदात की चर्चा होती रही और लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते नजर आए।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।