
गुमला में हैबिट चेंज अभियान का दूसरा चरण शुरू
गुमला जिले में बच्चों की सेहत और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए हैबिट चेंज अभियान का दूसरा चरण 28 जनवरी से शुरू किया गया है। इस अभियान में आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों की व्यक्तिगत स्वच्छता और सुरक्षित वातावरण पर ध्यान दिया जा रहा है। यह अभियान 15 फरवरी तक चलेगा और इसका उद्देश्य स्थायी सकारात्मक बदलाव लाना है।
गुमला संवाददाता जिले में नन्हे बच्चों की सेहत, सुरक्षा और स्वच्छ आदतों के विकास को लेकर हैबिट चेंज अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत कर दी गई है। डीसी के निर्देश पर यह अभियान 28 जनवरी से पुनः आरंभ किया गया है। पहले चरण की सफलता को देखते हुए इसे दोबारा लागू किया गया है,ताकि बच्चों में स्वच्छता और सुरक्षित जीवनशैली की आदतें बचपन से ही विकसित की जा सकें।अभियान के तहत जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ रसोई, साफ-सुथरे परिसर और सुरक्षित वातावरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रतिदिन न्यूनतम 24 आंगनवाड़ी केंद्रों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इस दौरान एलएस, सीडीपीओ,जिला समाज कल्याण पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित कर्मी नियमित रूप से केंद्रों का भ्रमण कर निरीक्षण कर रहे हैं और अभियान की मॉनिटरिंग सुनिश्चित कर रहे हैं। डीसी ने बताया कि बच्चों में हैबिट चेंज होने से वे स्वयं स्वच्छ और सुरक्षित रहना सीखेंगे, साथ ही उनके परिवारों में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। यह दूसरा चरण 15 फरवरी तक संचालित किया जाएगा। जिला प्रशासन का प्रयास है कि यह पहल केवल एक अस्थायी अभियान न बनकर, बच्चों और परिवारों के जीवन में स्थायी सकारात्मक बदलाव लाए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




