परंपराएं आदिवासी समाज को एक सूत्र में बांधे रखने का कार्य करती हैं: डीआईजी रविंद्र
कुगांव में सरना प्रार्थना सभा का भव्य आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य आदिवासी समाज की संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करना था। मुख्य अतिथि सीआरपीएफ के डीआईजी रविंद्र भगत ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने युवाओं से सांस्कृतिक जड़ों को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

घाघरा प्रतिनिधि। प्रखंड के कुगांव में सरना प्रार्थना सभा का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य आदिवासी समाज की संस्कृति, सभ्यता और परंपराओं को संरक्षित और सुदृढ़ बनाना था। बतौर मुख्य अतिथि सीआरपीएफ के डीआईजी रविंद्र भगत ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में डीआईजी भगत ने कहा कि सरना पूजा और इससे जुड़ी परंपराएं आदिवासी समाज को एक सूत्र में बांधे रखने का कार्य करती हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी सांस्कृतिक जड़ों को पहचानें और उसे गर्व के साथ आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के साथ-साथ परंपराओं का संरक्षण भी आवश्यक है, तभी समाज की पहचान बनी रह सकती है।
प्रार्थना सभा के संयोजक सह पंचायत समिति सदस्य श्रवण उरांव ने कहा कि हमें अपनी सभ्यता,संस्कृति और परंपरा को हर हाल में बरकरार रखना चाहिए। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी विरासत के बारे में जानने और उसे अपनाने की प्रेरणा मिलती है। सभा के दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना संपन्न की गई। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण विभिन्न गांवों से आए 24 खोड़हा दलों की सहभागिता रही। इन दलों ने पारंपरिक नृत्य और गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को सांस्कृतिक रंगों से भर दिया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर युवक-युवतियों और बुजुर्गों ने भी ताल मिलाया, जिससे सभा स्थल पर उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।आयोजन समिति ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाने और पारंपरिक मूल्यों को जीवंत बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। समिति ने भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों को नियमित रूप से करने की बात कही।मौके पर पंचायत समिति सदस्य श्रवण उरांव, विजय प्रताप भगत, प्रकाश पुजार, कमल कुजूर, जितेंद्र उरांव, विलियम कुजूर, भिखा उरांव, शाहदेव भगत, अमृत उरांव, धनय उरांव, अनिल उरांव सहित सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




