पारिवारिक विवाद में दामाद ने कुदाल से सास व बड़ी सास पर किया हमला
विशुनपुर थाना क्षेत्र के रहेटोली गांव में पारिवारिक विवाद के चलते दामाद शुभम साहू ने अपनी सास प्यारी देवी और बड़ी सास मालो देवी पर कुदाल से हमला कर दिया। दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं और स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विशुनपुर प्रतिनिधि। विशुनपुर थाना क्षेत्र के रहेटोली गांव में पारिवारिक विवाद के चलते दामाद और ससुराल पक्ष के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में दामाद शुभम साहू ने अपनी सास प्यारी देवी (50) और बड़ी सास मालो देवी (55) पर कुदाल से हमला कर दिया। जिससे दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिलाओं को आनन-फानन में स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार शुभम साहू का विवाह रहेटोली गांव की सीतामुनी से हुआ था। पत्नी के रहते दूसरी महिला को घर में रखने के आरोप को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।
इसी मामले में बातचीत करने के लिए सीतामुनी अपनी मां प्यारी देवी और बड़ी मां मालो देवी के साथ शुभम के घर पहुंची थी। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर शुभम ने कुदाल से हमला कर दिया। हमले में दोनों महिलाओं के शरीर पर कई गहरे घाव आए हैं, जिन पर स्वास्थ्य केंद्र में टांके लगाए गए हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। इधर दोनों पक्षों ने विशुनपुर थाना में आवेदन देकर एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


