Ghumla News: गुमला में हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे मंदिर-शिवालय
Ghumla News: श्रावण माह की अंतिम सोमवारी को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा। भक्तों ने शिवालयों में जलाभिषेक अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से पूजा की और भंडारे का आनंद लिया।

Ghumla News: गुमला प्रतिनिधि। सनातनियों के आस्था-विश्वास व महादेव की आराधना-उपासना के पवित्र श्रावण माह की अंतिम सोमवारी को शिवालयों में श्रद्धालु भक्तों का जनसैलाब उमड़ा। बोल-बम-बोलो-बम,हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजयामान मंदिर-शिवालयों में श्रद्धालुओं ने पूरे उल्लास के साथ भोले भंडारी को जलाभिषेक अर्पित किया। श्रावण की चौथी व आखिरी सोमवारी को लेकर रविवार की शाम से ही मंदिर-शिवालयों की रौनक व व्यवस्थापकों की व्यस्तता पूरे शीर्ष पर था। ध्वनि विस्तारक पर शिव-पार्वती की महिमा गीतों की समुधर धून श्रद्धालु-भक्तों का ऊर्जावान कर रखा था। दूसरी ओर आखिरी सोमवारी के उपवास-व्रत को लेकर महिला भक्तों की तैयारी तेज हो गयी थी। सोमवार की अहले सुबह से शहरी क्षेत्र के सभी मंदिरों-शिवालयों में जलार्पण को लेकर श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगनी शुरू हो गयी। मंदिर प्रबंधन समिति के साथ उनके वोलेर्टियर्स श्रद्धालुओं के व्यवस्थित जलार्पण-पूजन को लेकर मुस्तैद दिखे। रूद्रभिषेक व भंडारे में श्रद्धालुओं की आस्था झलकी। स्थानीय प्रशासनिक महकमा भी श्रावण की अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं के सहज-सुलभ पूजन-जलाभिषेक को लेकर मुस्तैद-चौंकस दिखा।
बाबा टांगीनाथ धाम में अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब
डुमरी के प्रसिद्ध बाबा टांगीनाथ धाम में श्रावण की अंतिम सोमवारी को श्रद्धालुओं को जनसैलाब उमड़ा। अहले सुबह से ही दूर-दराज क्षेत्रों से हजारों की संख्या में भक्त धाम पहुंचने लगे और भगवान शिव पर जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन द्वारा विशेष व्यवस्था की गई थी। महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार बनाई गई, जिससे सभी भक्तों को सुगमता से जलार्पण करने का अवसर मिल सके। सावन के महीने में यहां हर सोमवारी और अन्य दिनों मे बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते इस अवसर पर प्रशासन एवं धाम समिति की टीम पूरी तरह सक्रिय रही। सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई और पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। प्रशासन की ओर से पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ समिति के सदस्य मौजुद थे वहीं समाजसेवी द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र एवं देश की सुख-शांति की कामना की। गौरतलब है कि डुमरी प्रखंड स्थित बाबा टांगीनाथ धाम झारखंड का एक प्राचीन और आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां सावन मास के दौरान विशेष रूप से भक्तों का सैलाब उमड़ता है।
देवाकी बाबाधाम में जुटा आस्था का सैलाब,लोहरदगा-सिमडेगा से भी जलार्पण को पहुंच श्रद्धालु
घाघरा में सावन माह के अंतिम सोमवारी को देवाकी बाबाधाम में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। अहले सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचने लगे। अपराह्न ढाई बजे तक महिला पुरुष भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिला। श्रद्धालु शिवलिंग पर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। भोलेनाथ सहित माँ पार्वती के मंदिर में भी भक्तों तांता लगा रहा। देवाकी बाबाधाम में गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा आदि जिले से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं और पूरा परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा -भक्तिभाव के साथ भगवान शिव की आराधना की। मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद के साथ साथ चाय की भी ब्यवस्था भक्तों के लिए की गई थी। भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। वहीं प्रबंधन समिति के सदस्य भी भीड़ को नियंत्रित करने में तत्पर दिखे। सावन के अंतिम सोमवार पर देवाकी बाबाधाम में उमड़ी भक्तों की भीड़ ने लोगों की अटूट आस्था व शिवभक्ति झलका।
बसिया व आंचलिक इलाकों के शिवालयों में आखिरी सोमवारी को उमड़ा श्रद्धालुओं का जत्था
बसिया में सावन माह के अंतिम सोमवार को लेकर बसिया प्रखंड के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। तिर्रा स्थित महादेव कोना, सिदमा शिव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर बेलपत्र, दूध, धतूरा, भांग, पुष्प सहित अन्य पूजन सामग्री अर्पित की और परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। तिर्रा के महादेव कोना मंदिर में अक्षय नाथ घोषाल एवं प्रदीप नाथ शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई। मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा और बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। कई श्रद्धालुओं ने सावन सोमवार का व्रत भी रखा। महादेव कोना में सावन के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन की परंपरा पिछले कई वर्षों से चली आ रही है। इस वर्ष भी पूजा समिति की ओर से सावन समापन के अवसर पर भव्य आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को कलश यात्रा के साथ अखंड हरिकीर्तन का शुभारंभ होगा, जो शुक्रवार तक चलेगा। शुक्रवार को अखंड कीर्तन के समापन के साथ प्रसाद वितरण किया जाएगा। बुधवार से शुक्रवार तक विशाल भंडारे का आयोजन होगा। वहीं शुक्रवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर समिति द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। समिति के अनुसार धार्मिक कार्यक्रम में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
बोल-बम के जयघोष से गूंजा भरनो
भरनो में पवित्र सावन माह की चौथी वअंतिम सोमवारी को भरनो प्रखंड क्षेत्र का माहौल पूरी तरह भक्तिमय रहा।अहले सुबह से ही प्रखंड के विभिन्न शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन,जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। शिवभक्त सुबह स्नान कर हाथों में पूजा सामग्री और जल लेकर शिवालयों की ओर रवाना हुए। मंदिरों में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा वातावरण गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र, फूल,धतूरा,भांग और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की।सावन की अंतिम सोमवारी होने के कारण अन्य दिनों की अपेक्षा शिवालयों में काफी अधिक भीड़ देखने को मिली।प्रखंड के कमलपुर गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
बुढा महादेव मंदिर में जलाभिषेक में उमड़ी भक्तों की भीड़,भंडारे व जागरण में आंनदित दिखे श्रद्धालु
चैनपुर में सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर चैनपुर के अल्बर्ट एक्का चौक स्थित प्रसिद्ध बुढ़ा महादेव शिव मंदिर परिसर में धार्मिक एवं भक्तिमय माहौल देखने को मिला। महिला मंडल एवं युवकों की ओर से मंदिर परिसर में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंच कर प्रसाद ग्रहण किया। सुबह से ही मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। सावन के अंतिम सोमवार को लेकर शिव भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। भंडारे के दौरान श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही और लोगों ने श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे के दौरान जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, गुमला के मां सरस्वती वंदना मंच के कलाकारों ने शिव भक्ति गीतों एवं भजनों की प्रस्तुति दी। कलाकारों की प्रस्तुति से मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय हो गया। शिव भक्ति गीतों पर श्रद्धालु जमकर झूमते नजर आये। पूरा परिसर हर-हर महादेव और भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठा। शिव पूजा समिति की ओर से बताया गया कि सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर शाम सात बजे भगवान भोलेनाथ की विशेष श्रृंगार पूजा का आयोजन किया जायेंगा। श्रृंगार पूजा के बाद रात्रि में शिव जागरण कार्यक्रम आयोजित की जायेंगी।

