
सदर अस्पताल में लेंस के नाम पर वसूली और ऑपरेशन के बाद आंख खराब होने का आरोप
गुमला के सदर अस्पताल के नेत्र विभाग में मरीजों से लेंस लगाने के नाम पर पैसे लिए जा रहे हैं और ऑपरेशन के बाद आंखें खराब होने की शिकायतें आई हैं। कांग्रेस नेता मो. फिरोज आलम ने मामले की शिकायत उपायुक्त से की, जिन्होंने जांच का आदेश दिया है। स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
गुमला प्रतिनिधि सदर अस्पताल गुमला के नेत्र विभाग में अच्छा लेंस लगाने के नाम पर पैसे लेने और ऑपरेशन के बाद आंख खराब हो जाने का मामला सामने आया है। इसकी जानकारी मिलने पर कांग्रेसी नेता मो.फिरोज आलम ने भुक्तभोगी करमटोली सरहुल नगर निवासी कुंवर तिर्की से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित से की। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसी शशिंद्र बड़ाईक और एसडीओ नीरज कुमार को जांच का आदेश दिया है। पीड़ित कुंवर तिर्की ने बताया कि इसी माह पांच तारीख को वह सदर अस्पताल में आंख की जांच कराने पहुंचे थे।
वहां जांच कर रही नर्स ने बताया कि आंख का ऑपरेशन कराना होगा और आज ही रांची से अच्छे डॉक्टर आए हैं। उन्होंने कहा कि पैसा वाला लेंस लगवाने से बेहतर दिखाई देगा। इसके बाद उन्हें पांच हजार से लेकर 16 हजार रुपये तक के लेंस दिखाए गए। अंततः वे 14 हजार रुपये का लेंस लगवाने पर राजी हो गए।पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद अस्पताल से बाहर सड़क के दूसरी ओर स्थित एक बिल्डिंग में ले जाकर डॉ. वत्सल लाल द्वारा ऑपरेशन किया गया और दवा देकर छुट्टी कर दी गई। कुछ दिनों बाद ऑपरेशन कराई गई आंख से कम दिखाई देने लगा।इसी तरह का एक और मामला घाघरा प्रखंड के गुनिया निवासी पूरन टाना भगत के साथ सामने आया है। लकड़ी फाड़ने के दौरान उसकी आंख में चोट लग गई थी। जांच के बाद उससे भी ऑपरेशन के लिए तैयार कर पांच हजार रुपये लेकर लेंस लगाया गया। मामले के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




