Ghumla News: अंजुमन चुनाव को लेकर विवाद, कार्यकाल बढ़ाने पर सवाल
Ghumla News: गुमला में अंजुमन इस्लामियां के पूर्व प्रवक्ता मो. आशिक अंसारी ने मौजूदा पदाधिकारियों पर आरोप लगाया है कि उन्होंने निर्धारित कार्यकाल के बाद पद पर बने रहने का निर्णय लिया है। उन्होंने चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है, ताकि नया नेतृत्व लोकतांत्रिक तरीकों से चुना जा सके।

Ghumla News: गुमला, प्रतिनिधि। अंजुमन इस्लामियां गुमला के सत्र 2023-26 का कार्यकाल समाप्त होने के बाद चुनाव को लेकर विवाद सामने आया है। अंजुमन के पूर्व प्रवक्ता मो. आशिक अंसारी ने वर्तमान पदाधिकारियों पर निर्धारित कार्यकाल पूरा होने के बाद भी पद पर बने रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जाब्ता के अनुसार नए सत्र के लिए जून 2026 में चुनाव प्रक्रिया शुरू हो जानी चाहिए थी, लेकिन निवर्तमान सदर ने कार्यकाल दो वर्ष बढ़ा लिया, जो संविधान के विपरीत है।मो. अंसारी ने कहा कि तीन वर्ष पूर्व अवाम ने सदर और सचिव का चुनाव अच्छे मतों से किया था। यदि निवर्तमान पदाधिकारियों ने बेहतर कार्य किया है ,तो वे दोबारा चुनाव मैदान में उतरकर जनता का विश्वास हासिल कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव ही लोकतांत्रिक तरीके से नेतृत्व चुनने का उचित माध्यम है।उन्होंने दावा किया कि अंजुमन की पंचायतों ने आगे बढ़कर चुनाव अधिकारी का चयन कर लिया है और चुनाव की अधिसूचना भी जारी हो चुकी है। ऐसे में निवर्तमान सदर और सचिव को चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करते हुए तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने निर्धारित समय पर चुनाव कराने की मांग की है,ताकि अंजुमन की नई कमेटी का गठन लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत हो सके।


