विशुनपुर के 4गांवों के ग्रामीणों को मिला 201 एकड़ सामुदायिक वन पट्टा
विशुनपुर में वन अधिकार अधिनियम 2006 के तहत 201 एकड़ सामुदायिक वन पट्टा चार गांवों के ग्रामीणों को सौंपा गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि इससे ग्रामीणों को वन संसाधनों पर वैधानिक अधिकार मिलेगा और उनकी पारंपरिक आजीविका मजबूत होगी। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

विशुनपुर प्रतिनिधि। प्रखंड कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वन अधिकार अधिनियम 2006 के तहत प्रखंड क्षेत्र के चार गांवों के ग्रामीणों के बीच लगभग 201 एकड़ सामुदायिक वन पट्टा का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बीडीओ सुलेमान मुंडरी, सीओ शेखर वर्मा, जिला परिषद सदस्य पवन उरांव व जिला समन्वयक रोज खाखा ने संयुक्त रूप से लाभुकों को वन अधिकार पट्टा सौंपा।पदाधिकारियों ने बताया कि यह प्रक्रिया काफी समय से लंबित थी, जिसे प्रशासनिक पहल और विभागीय समन्वय से पूरा किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पट्टा लघु वनोपज के संग्रहण, संरक्षण व सतत उपयोग के उद्देश्य से प्रदान किया गया है।
इससे ग्रामीणों को वन संसाधनों पर वैधानिक अधिकार मिलेगा और उनकी पारंपरिक आजीविका को मजबूती मिलेगी।कार्यक्रम में यह भी जानकारी दी गई कि इस पूरी प्रक्रिया में आईएसबी का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। संस्थागत सहयोग से दस्तावेजीकरण, सत्यापन और प्रक्रिया को गति मिली, जिससे पात्र गांवों को समय पर लाभ मिल सका। अधिकारियों ने कहा कि सामुदायिक वन अधिकार मिलने से गांव स्तर पर जंगलों के संरक्षण में सहभागिता बढ़ेगी और अवैध कटाई पर नियंत्रण होगा।ग्रामीणों ने सामुदायिक वन पट्टा मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि आगे भी पात्र गांवों और लाभुकों को चिन्हित कर वन अधिकार अधिनियम के तहत योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। कार्यक्रम में प्रखंड कर्मी,जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




