बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारना ही सच्ची शिक्षा है: अशोक भगत

Mar 01, 2026 11:07 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गुमला
share Share
Follow Us on

विकास चिल्ड्रेन एकेडमी में वार्षिक उत्सव समारोह धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि अशोक भगत ने शिक्षा की महत्ता और बच्चों की प्रतिभा को निखारने पर जोर दिया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रधानाचार्या छंदा पात्रा ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारना ही सच्ची शिक्षा है: अशोक भगत

विशुनपुर प्रतिनिधि। विकास भारती विशुनपुर द्वारा संचालित विकास चिल्ड्रेन एकेडमी में रविवार को वार्षिक उत्सव समारोह भव्य और हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ। यह आयोजन बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ उनकी सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने का अवसर बना। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पद्मश्री से सम्मानित विकास भारती के सचिव अशोक भगत द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा उन्हें भगवान श्री गणेश की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में पद्मश्री अशोक भगत ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारना ही सच्ची शिक्षा है।

उन्होंने बच्चों को अपनी मिट्टी और संस्कृति से जुड़े रहने की प्रेरणा देते हुए कहा कि झारखंड की समृद्ध परंपरा ही उनकी असली पहचान है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, कड़ी मेहनत, अनुशासन और बड़ों का सम्मान ही उन्नति की सीढ़ी है। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के साथ खेल और व्यक्तित्व निर्माण पर भी ध्यान देने की अपील की।समारोह का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। नन्हे बच्चों ने स्वागत गीत और नृत्य से अतिथियों का अभिनंदन किया। पारंपरिक लोकनृत्यों के माध्यम से जल-जंगल-जमीन और झारखंडी संस्कृति का संदेश दिया गया। नाटकों के जरिए शिक्षा के महत्व और सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार किया गया, जिसे देखकर दर्शक भावुक हो उठे। गीत और समूह नृत्य ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।विद्यालय की प्रधानाचार्या छंदा पात्रा ने प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समाजसेवी रवि उरांव ने विद्यालय की भूमिका की सराहना की। विकास भारती के संयुक्त सचिव महेंद्र भगत ने कहा कि मंच पर बच्चों का आत्मविश्वास ही आने वाले कल की ऊर्जा है।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन किया गया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।