पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय गुमला में पूर्ववर्ती छात्रों का प्रेरक भ्रमण
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय गुमला में पूर्व छात्र श्याम कुमार का भ्रमण हुआ। उन्होंने छात्रों को जीवन अनुभव साझा किए और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर चर्चा की। कार्यक्रम में छात्रों ने सवाल पूछे और मार्गदर्शन प्राप्त किया। अंत में, अतिथियों ने विद्यालय की आर्ट गैलरी का अवलोकन किया और छात्रों की रचनात्मकता की सराहना की।

गुमला संवाददाता। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय गुमला में रविवार को विद्यालय के प्रथम बैच के पूर्ववर्ती छात्र और वर्तमान में भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय में निदेशक पद पर कार्यरत श्याम कुमार का भ्रमण हुआ। उनके साथ नवोदय एसोसिएशन संगठन झारखंड के अध्यक्ष सुधीर कुमार सहित अन्य पूर्ववर्ती छात्र प्रदीप कुमार, शंभूजी, रविशंकर कुमार, भीम प्रसाद, बालकृष्ण प्रसाद और आशीष कुमार भी उपस्थित थे। मौके पर घाघरा सीओ सुशील खाखा भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी अतिथियों का स्वागत विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य विनोद कुमार एवं शिक्षकों द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के हिंदी शिक्षक कृष्णानंद द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई।
इसके बाद पूर्ववर्ती छात्रों द्वारा वर्तमान छात्रों के साथ इंटरएक्टिव सेशन आयोजित किया गया। जिसमें उन्होंने अपने जीवन अनुभव साझा किए और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, लक्ष्य निर्धारण तथा अनुशासन के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। मोटिवेशनल कार्यक्रम के दौरान छात्रों को मेहनत, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से सफलता प्राप्त करने का संदेश दिया गया। छात्रों ने भी अपने सवाल पूछे और अतिथियों से मार्गदर्शन प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में एन. आर. तिर्की द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने विद्यालय की आर्ट गैलरी व विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने छात्रों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच की सराहना की तथा विद्यालय परिवार को इस तरह के कार्यक्रम लगातार आयोजित करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम से छात्रों में उत्साह देखा गया और उन्होंने पूर्ववर्ती छात्रों को अपना आदर्श बताते हुए उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



