Ghatsila News: सुनसुनिया जंगल में रात के 12 बजे रेल लाइन के पास आए तीन हाथी
Ghatsila News: चाकुलिया के सुनसुनिया जंगल में रात्रि 12 बजे तीन जंगली हाथी रेल लाइन के पास पहुचें। हाथियों के लगातार रेलवे ट्रैक पार करने से खतरा बढ़ गया है। रेल प्रशासन ने इस क्षेत्र में ट्रेनों की गति रात में धीमी रखने का आदेश दिया है, परंतु सुरक्षा के ठोस उपाय नहीं किए गए हैं।

Ghatsila News: चाकुलिया। चाकुलिया और कोकपाड़ा स्टेशन के बीच स्थित सुनसुनिया जंगल में विगत रात्रि करीब 12:00 बजे रेल लाइन के पास तीन जंगली हाथी आ पहुंचे थे। विदित हो कि विगत गुरुवार की सुबह करीब 5:00 बजे अप लाइन के फाटक के पास हाथी आ पहुंचे थे। एक हाथी ने फाटक पार करने के दौरान फाटक को क्षतिग्रस्त भी कर दिया था। इस जंगल में हाथियों का विचरण करना किसी दुर्घटना को दावत दे रहा है। क्योंकि सुनसुनिया जंगल से अप, डाउन और थर्ड लाइन गुजरी है। दलमा से घाटशिला, धालभूमगढ़ और चाकुलिया होते हुए बंगाल जाने वाले हाथियों के मुख्य गलियारा में सुनसुनिया साल जंगल है।
हाथी इसी जंगल में स्थित तीनों रेल लाइनों को पार कर आना जाना करते हैं। इस जंगल में हाथियों की सुरक्षा के लिए रेल प्रशासन या फिर वन विभाग द्वारा कोई उपाय नहीं किए गए हैं। इतना अवश्य होता है कि जंगल में हाथियों के आने की सूचना पर रेल प्रशासन ट्रेनों की रफ्तार धीमी कर देता है। इस जंगल तथा इससे सटे राजाबासा जंगल में हाथियों के रहने की सूचना पर रेल प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर रात 8:00 से सुबह छह बजे तक ट्रेनों की रफ्तार धीमी रखने का आदेश दिया है। विदित हो कि सुनसुनिया जंगल में इसके पूर्व भी हाथी रेल फाटक को तोड़ चुके हैं। जबकि 2020 में ट्रेन से टकरा जाने के कारण एक हाथी की मौत भी हो चुकी है। वहीं पिछले 15 जून को इसी जंगल में हाथी के हमला से सिग्नल के टेक्नीशियन संजीव सिन्हा की मौत हो गयी थी। इधर, कई मौकों पर ऐसा देखा गया है कि इस जंगल में जब ग्रामीण हाथियों को खदेड़ते हैं तो हाथी रेलवे लाइन पर भी दौड़ने लगते हैं। इस जंगल में अक्सर हाथी रहते हैं। हाथी रेल लाइन को पार करते हैं। इस स्थिति में जंगली हाथी किसी ट्रेन की चपेट में भी आ सकते हैं और बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


