चाकुलिया : हाथी ने तोड़ा घर, सो रही मां-बेटी ने कमरे के कोने में छिपकर बचाई जान
चाकुलिया के दक्षिणशोल गांव में एक जंगली हाथी ने रात में अनीता रानी महतो के घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने घर की दीवार को नुकसान पहुंचाया और अंदर रखे दो क्विंटल धान को खा लिया तथा रौंद दिया। अनीता और उनकी मां ने जान बचाने के लिए छिपकर बिताई रात।

चाकुलिया, संवाददाता। चाकुलिया प्रखंड की भातकुंडा पंचायत के दक्षिणशोल गांव में बीती रात जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। रात करीब एक बजे जंगल से निकलकर एक हाथी गांव में घुस आया और अनीता रानी महतो के घर को निशाना बनाया। हाथी ने घर की दीवार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और अंदर रखे करीब दो क्विंटल धान को न केवल खाया बल्कि पैरों तले रौंदकर पूरी तरह बर्बाद कर दिया। घटना के समय घर के अंदर अनीता रानी महतो और उनकी वृद्ध मां उत्तरा महतो गहरी नींद में सो रही थीं। इस हमले से दोनों बुरी तरह सहम गईं और अपनी जान बचाने के लिए कमरे के एक सुरक्षित कोने में दुबक गईं।
हाथी के जाने तक दोनों मौत के साये में वहीं छिपी रहीं। ग्रामीणों के जुटने और काफी मशक्कत करने के बाद हाथी को गांव से खदेड़ा जा सका। मंगलवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही मुखिया प्रतिनिधि राम बास्के और ग्राम प्रधान देव मुंडा मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और क्षतिग्रस्त मकान व बर्बाद हुए अनाज का जायजा लिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


