Ghatsila News: जाड़ाबनी गांव का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल करने की मांग, ग्रामीणों ने सीओ को सौंपा ज्ञापन
Ghatsila News: बहरागोड़ा के जाड़ाबनी गांव के ग्रामीणों ने निर्वाचक नामावली 2026-27 में अपने गांव का नाम नहीं होने की शिकायत की है। उन्होंने अंचलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर इस मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि सही नाम के बिना, भविष्य में समस्याएँ हो सकती हैं।

Ghatsila News: बहरागोड़ा।बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के मुटूरखाम पंचायत अंतर्गत जाड़ाबनी गांव के ग्रामीणों ने निर्वाचक नामावली 2026 - 27 में गांव का नाम दर्ज नहीं होने की शिकायत को लेकर सोमवार को अंचलाधिकारी राजाराम सिंह मुंडा को ज्ञापन सौंपा। उक्त ज्ञापन माझी बाबा शास्त्री हेंब्रम के नेतृत्व में सौंपा गया।
गांव का नाम दर्ज न होने की समस्या
ग्रामीणों ने बताया कि वे पूर्वी सिंहभूम जिले के मुटूरखाम पंचायत अंतर्गत जाड़ाबनी गांव के निवासी हैं। निर्वाचक नामावली 2026 - 27 के तहत विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद पांच अगस्त को प्रकाशित मतदाता सूची में जाड़ाबनी गांव का नाम दर्ज नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि सूची में उनके गांव के सभी मतदाताओं के नाम दर्ज हैं, लेकिन गांव का नाम जामारिया दर्शाया गया है।
अंचलाधिकारी से मांग
ग्रामीणों के अनुसार, भाग संख्या 154 में क्रम संख्या 443 से 668 तक जाड़ाबनी गांव के मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी से मामले की जांच कर निर्वाचक नामावली 2026 - 27 में जाड़ाबनी गांव का नाम यथाशीघ्र दर्ज कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि गांव का सही नाम मतदाता सूची में दर्ज होने से भविष्य में होने वाली किसी भी प्रशासनिक अथवा निर्वाचन संबंधी परेशानी से बचा जा सकेगा। इस मौके पर रामचंद्र हेंब्रम, मंगल मुर्मू, जितेंद्र हेंब्रम, दिनेश सोरेन, बैजनाथ सोरेन, सुराई हेंब्रम, गोरी हेंब्रम, माझी राम हेंब्रम, साखिला टुडू, महेंद्र सोरेन, विश्वनाथ हेंब्रम, पूर्णिमा टुडू, गौरी हेंब्रम समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे।


