Ghatsila News: यूसील जादूगोड़ा कॉलोनी के जर्जर क्वार्टर बने चिंता का कारण
Ghatsila News: यूसीएल जादूगोड़ा कॉलोनी के कई क्वार्टर जर्जर हो गए हैं, जिसके कारण कर्मचारी रहना नहीं चाहते। खाली पड़े क्वार्टरों में असामाजिक तत्वों की बढ़ती गतिविधियों से कॉलोनीवासियों की सुरक्षा को खतरा है। स्थानीय लोगों ने मरम्मत और निगरानी के लिए यूसीएल प्रबंधन से अपील की है, अन्यथा भविष्य में दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी।

Ghatsila News: जादूगोड़ा। यूसील जादूगोड़ा कॉलोनी के कई क्वार्टर जर्जर हालत में पहुंच चुके हैं। स्थिति ऐसी है कि आवंटन होने के बावजूद कई कर्मचारी और उनके परिवार इन क्वार्टरों में रहने से इनकार कर रहे हैं। लंबे समय से खाली पड़े इन आवासों में अब असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगा है, जिससे कॉलोनीवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई क्वार्टरों की छत, दीवारें, खिड़कियां और अन्य संरचनाएं काफी क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। बरसात के मौसम में पानी टपकने और दीवारों में दरारें आने के कारण इनमें रहना जोखिम भरा माना जा रहा है।
कई खाली क्वार्टरों में साफ-सफाई का अभाव है, जिससे झाड़ियां उग आई हैं और आसपास गंदगी का माहौल बन गया है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि लंबे समय से खाली पड़े इन क्वार्टरों का उपयोग असामाजिक तत्वों द्वारा किया जा रहा है, जिससे चोरी, नशाखोरी और अन्य अवांछित गतिविधियों की आशंका बनी रहती है। लोगों ने यूसील प्रबंधन से जर्जर क्वार्टरों की मरम्मत, अनुपयोगी भवनों को सुरक्षित करने तथा नियमित निगरानी की व्यवस्था करने की मांग की है। वही इसको लेकर जेएलकेएम महासचिव बिमल महतो का कहना है कि यूसील कॉलोनी में कर्मियों को सुविधा देने में प्रबंधन नाकाम साबित हो रहा है। यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना या अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने यूसील प्रबंधन से कॉलोनी की सुरक्षा और आवासीय सुविधाओं में शीघ्र सुधार करने की अपील की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


