
‘छात्रों को उपभोक्ता बनाने की प्रक्रिया देश के भविष्य पर गहरा प्रहार ’
घाटशिला कॉलेज में एआईडीएसओ के द्वारा शहीद खुदीराम बोस की 136वीं जयंती पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। छात्र नेताओं ने उनके बलिदान और संघर्ष के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि उनका संघर्ष केवल ब्रिटिश शासन के खिलाफ नहीं, बल्कि सभी प्रकार के अन्याय और शोषण के खिलाफ था।
घाटशिला, संवाददाता। एआईडीएसओ घाटशिला कॉलेज कमेटी की ओर से बुधवार को शहीद खुदीराम बोस की 136वीं जयंती के अवसर पर घाटशिला कॉलेज में एक श्रद्धांजलि सभा सह परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता छात्र संगठन कॉलेज कमेटी के सचिव रीमा मुंडा ने की। जबकि घाटशिला कॉलेज के छात्र नेता दुलाल हेंब्रम, रघु टुडू, ईश्वर माहली सहित अनेक छात्र-नौजवान बड़ी संख्या में उपस्थित थे। सभा की शुरुआत शहीद खुदीराम बोस को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए हुई। उस युवा क्रांतिकारी को, जिसने साम्राज्यवाद की लोहे की जंजीरों को चुनौती देते हुए मात्र 18 वर्ष की आयु में फांसी के फंदे को हंसते-हंसते स्वीकार किया।
परिचर्चा में घाटशिला कॉलेज के छात्र नेता दुलाल हेम्ब्रम ने कहा कि खुदीराम बोस का संघर्ष केवल ब्रिटिश शासन के खिलाफ नहीं था, बल्कि हर प्रकार के शोषण, अन्याय और असमानता के विरुद्ध था। यही संघर्ष आज भी प्रासंगिक है, क्योंकि शोषण का चरित्र बदला है, स्वरूप नहीं। छात्र नेता रघुनाथ टुडू ने कहा आज की शिक्षा व्यवस्था बाजार के हवाले होती जा रही है-पूंजी के हितों में ढाली जा रही नीतियां, फीस वृद्धि, निजीकरण, और छात्रों को उपभोक्ता बनाने की प्रक्रिया देश के भविष्य पर गहरा प्रहार है। जब तक शिक्षा को निजी मुनाफे का साधन बनाया जाता रहेगा, तब तक छात्र समुदाय का संघर्ष जारी रहेगा। खुदीराम बोस का बलिदान अन्याय के खिलाफ था : माहली छात्र संगठन एआईडीएसओ के जिला अध्यक्ष सुबोध कुमार माहली ने कहा कि खुदीराम बोस का बलिदान हमें यह सिखाता है कि अन्याय के खिलाफ संघर्ष केवल भावनात्मक नहीं, बल्कि संगठित, वैचारिक और वैज्ञानिक सोच पर आधारित होना चाहिए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से छात्र संगठन एआईडीऐसओ के जिला अध्यक्ष सुबोध कुमार माहली, घाटशिला कॉलेज कमेटी के सचिव रीमा मुंडा, घाटशिला कॉलेज के छात्र नेता दुलाल हेम्ब्रम, रघूनाथ टुडू, ईश्वर माहली, चाम्पाई मांडी, शुभोजीत ज्ञातात,रुपाली मुर्मू, लक्ष्मी मुर्मू, पंकज कर्मकार, हरिकृष्ण सोरेन, सोनाली मुंडा, सोनामुनि मुंडा इत्यादि उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




