बहरागोड़ा : सड़क हादसे में घायल युवक की बारीपदा में मौत
बहरागोड़ा के कालियाडिंगा फ्लाईओवर के पास शुक्रवार रात एक सड़क दुर्घटना में 31 वर्षीय दीपक पैड़ा की मौत हो गई। अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने के बाद गंभीर रूप से घायल दीपक को अस्पताल में इलाज के दौरान बचाया नहीं जा सका। उनके निधन से कोकमारा गांव में शोक का माहौल है।

बहरागोड़ा, संवाददाता। बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के कालियाडिंगा फ्लाईओवर के समीप विगत शुक्रवार की देर रात हुई एक सड़क दुर्घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल कोकमारा निवासी 31 वर्षीय दीपक पैड़ा की बारीपदा स्थित पीआरएम मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, कोकमारा गांव निवासी दीपक पैड़ा बीती रात अपनी बाइक के साथ कालियाडिंगा फ्लाईओवर के पास स्थित निशि होटल के समीप सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीपक बुरी तरह घायल होकर वहीं गिर पड़े।
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल दीपक को बहरागोड़ा सीएचसी पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीआरएम मेडिकल कॉलेज, बारीपदा रेफर कर दिया। परिजनों और डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद, इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। दीपक की मौत की खबर मिलते ही कोकमारा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दीपक अपने पीछे अपनी पत्नी और एक 6 वर्षीय मासूम बच्चे को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


