खड़े ट्रेलर से टकराई बाइक, प्रधानाध्यापक की मौत
पोटका के मध्य विद्यालय नागा के प्रधानाध्यापक वीर प्रताप मुर्मू की रविवार शाम सड़क दुघर्टना में मौत हो गई। वे चार महीने बाद सेवानिवृत्त होने वाले थे। सड़क जाम के कारण उनकी बाइक एक ट्रेलर से टकरा गई, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पोटका, संवाददाता। प्रखंड के मध्य विद्यालय नागा के प्रधानाध्यापक वीर प्रताप मुर्मू (59) की रविवार शाम सड़क दुघर्टना में मौत हो गई। शिक्षक की असामयिक मौत से पोटका क्षेत्र शोक में डूब गया है। वीर प्रताप मुर्मू चार माह बाद सेवानिवृत्त होने वाले थे। मिली जानकारी अनुसार प्रधानाध्यापक वीर प्रताप मुर्मू अपने राजनगर प्रखंड के फुफडीह बाड़ेडीह गांव स्थित स्थायी आवास से अपने सुंदरनगर पुड़ीहासा स्थित घर बाइक से जा रहे थे। रविवार को सड़क जाम के कारण तिरिलडीह में बेतरतीब खड़े ट्रेलर से उनकी बाईक टकरा गई। टक्कर जोरदार होने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट लगी। सूचना पाकर पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोपो घटनास्थल पर पहुंचे और घायल शिक्षक को पोटका सीएचसी पहुंचाया।
यहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर दिवंगत शिक्षक के परिजन भी सीएचसी पहुंच गए।दिवंगत शिक्षक वीर प्रताप मुर्मू पढ़ाई के छात्र-छात्राओं को खेलकूद की भी तैयारी करवाते थे। उनकी मेहनत के फलस्वरूप मध्य विद्यालय नागा के छात्र खेलो झारखंड फुटबॉल प्रतियोगिता में राज्य स्तर पहुंचे थे। वे अपने आवास पर निर्धन छात्रों को मुफ्त आवासीय सुविधा उपलब्ध कराकर पढ़ाई भी कराते थे। दिवंगत वीर प्रताप मुर्मू ओल चिकी भाषा के लेखक भी थे। बीते दिनों राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जमशेदपुर में कार्यक्रम के दौरान उन्हें सम्मानित भी किया था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


