सबरों के लिए बने जलमानीर का स्विच बोर्ड चोरी
घाटशिला प्रखंड अंतर्गत हेंदलजुड़ी पंचायत के हलुदबनी गांव में लगभग तीन महीना से जलमीनार का पानी वहां रहने वाले सबरों को नहीं मिल पा रहा...
घाटशिला प्रखंड अंतर्गत हेंदलजुड़ी पंचायत के हलुदबनी गांव में लगभग तीन महीना से जलमीनार का पानी वहां रहने वाले सबरों को नहीं मिल पा रहा है। छह महीना पहले ही जलमीनार बनाया गया था और अप्रैल महीने में पानी मिलना बंद हो गया। हलुदबनी के सबरों ने बताया कि जलमीनार खराब नहीं हुआ है, बल्कि उसका स्विच बोर्ड किसी ने चोरी कर ली है। उसके बाद से वह स्टार्ट नहीं हो रहा है और ना ही पानी मिल पा रहा है। सबरों के पास इतने पैसे नहीं हैं कि वे स्विच बोर्ड खरीदें। मजबूरन सभी लोग कुआं का पानी पीते हैं। हलुदबनी गांव में सबरों के कुल 55 परिवार हैं और यहां की कुल आबादी 255 है। सबरों के पखधान ने बताया कि जनवरी में जलमीनार बना था और फरवरी-मार्च तक लोगों को पानी मिला। उसके बाद से जलमीनार का फायदा ग्रामीणों को नहीं मिल रहा है।
इस बारे में मुखिया प्रतिनिधि मिर्जा हांसदा ने कहा कि उन्होंने जलमीनार बनाने वाले ठीकेदार को सूचना दे दी है। उन्होंने यह भी कहा कि ठीकेदार ने नियमानुसार जलमीनार को हैंडओवर नहीं किया है। जिला परिषद सदस्य के प्रतिनिधि दुर्गाचरण मुर्मू ने कहा कि उन्होंने कई बार सम्बंधित विभाग को इस बारे में बताया है किंतु विभागीय कर्मचारी ने अभी तक इसे दुरुस्त नहीं किया है। कुल मिलाकर, हलुदबनी में रहने वाले सबरों के लिए लाखों रुपए खर्च कर बनाया गया जलमीनार कुछ सौ रुपए के स्विच बोर्ड की कमी के कारण सफेद हाथी साबित हो रहा है। और पहले की तरह ही कुआं का दूषित पानी पुन: पीने को विवश हैं सबर।