Ghatsila News: 5000 सीएफटी बालू लदे सात हाइवा जब्त, पुलिस को सौंपा
Ghatsila News: घाटशिला, हिटी में जिला खनन पदाधिकारी और निरीक्षक ने राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर अवैध बालू परिवहन करते हुए सात हाइवा को जब्त किया। इनमें लगभग 5000 सीएफटी बालू लोड था, जिसकी कीमत तीन लाख रुपये है। 10 जून से 15 अक्तूबर तक बालू उठाव पर प्रतिबंध है, फिर भी परिवहन जारी है।

Ghatsila News: घाटशिला, हिटी। जिला खनन पदाधिकारी एवं जिला खनन निरीक्षक ने गुरुवार की अहले सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर मोहलीशोल से आमदा के बीच अवैध बालू का परिवहन करते हुए सात हाइवा को जब्त किया। हाइवा में अनुमानत: 5000 सीएफटी बालू लोड हैं। जिसकी कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। इस संबंध में जिला खनन पदाधिकारी सतीश कुमार ने बताया जांच के दौरान मौके पर चालकों द्वारा किसी भी प्रकार का परिवहन कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया। जांच दल ने वाहनों को अपने कब्जे में लेकर धालभूमगढ़ थाने को सुपुर्द कर दिया। सरकारी नियमों के अनुसार, बालू का अवैध परिवहन करते हुए पकड़े गए वाहनों पर दंडात्मक शुल्क वसूला जाएगा। मोटर वाहन निरीक्षक द्वारा भी परिवहन संबंधी वाहनों के कागजातो की जांच की जाएगी व विधि संवत कार्रवाई की जाएगी।
10 जून से 15 अक्तूबर तक नदी बालू उठाव बंद
मालूम हो कि एनजीटी ने पूरे झारखंड में नदियों से बालू उठाव के लिए 10 जून से 15 अक्तूबर तक पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है। इसके बावजूद भी राष्ट्रीय राजमार्ग से धड़ल्ले से बालू का परिवहन बड़े एवं छोटे वाहनों से जारी है। इस क्रम में जिला खनन पदाधिकारी एवं जिला खनन निरीक्षक को अवैध बालू ढुलाई की सूचना मिली थी। जिसमें पता चला कि कोकपाड़ा टोल प्लॉजा के समीप से रोजाना दर्जनों हाइवा अवैध बालू का परिवहन होता है। इस क्रम में बुधवार की देर रात से अधिकारी घात लगाये बैठे थे। इस क्रम में गुरुवार की अहले सुबह कोकपाड़ा टोल प्लॉजा से कुछ दूरी के अंतराल पर सात हाइवा को जाते देख वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वाहन वाले वाहन को तेजी से भगाकर ले जाने लगे, जिसके बाद उन्हें पीछा कर पकड़ा गया।
रोजाना दर्जनों हाइवा से अवैध बालू का होता है परिवाहन
जानकारी के अनुसार, बड़शोल से लेकर जमशेदपुर पर रोजाना दर्जनों हाइवा से अवैध बालू का परिवाहन किया जाता है। सूत्र बताते हैं कि बालू की अवैध ढुलाई की जानकारी प्रशासन को भी होती है। इतना ही नहीं हरेक थाना को पार कराने पर बालू माफियाओं को शुल्क भी वहन करना पड़ता है। साथ ही एक-एक वाहन को बालू माफिया स्वयं रातभर जगकर निर्धारित स्थान पर अनलोड करवाते हैं। अगर किसी बात का खतरा महसूस होता है तो हाइवा से बालू का डंपिंग कराकर उसे ट्रैक्टर से भी ढोया जाता है。

